बलिया में 70 साल के पति की खौफनाक साजिश! पत्नी-बेटी की हत्या कर रची अजनबी हमलावरों की कहानी, दो साथी भी गिरफ्तार
बलिया में पत्नी-बेटी की हत्या से सनसनी
UP Crime: रसड़ा में मां-बेटी की हत्या से हड़कंप मच गया. पुलिस की जांच में पति रामचीज गुप्ता ही मुख्य आरोपी निकला. उसने दो साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था.
UP Crime: रसड़ा क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव में मां-बेटी की हत्या ने सनसनी फैला दी. 17 सितंबर को 65 वर्षीय मानती देवी और उनकी 22 वर्षीय दृष्टिबाधित बेटी गौरी के शव मिलने के बाद परिवार के मुखिया 70 वर्षीय रामचीज गुप्ता ने पुलिस को बताया कि अज्ञात लोगों ने दोनों की हत्या कर दी है. लेकिन पुलिस की जांच आगे बढ़ी तो शक की दिशा घर के मुखिया की ओर मुड़ गई. पुलिस के मुताबिक, रामचीज ने ही दो साथियों के साथ मिलकर वारदात की साजिश रची थी.
घर के अंदर मां की हत्या, खेत में मिला बेटी का शव
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर की शाम वारदात को अंजाम दिया गया. कथित तौर पर धारदार औजार का इस्तेमाल किया गया. जांच में यह भी सामने आया कि मां की हत्या के बाद बेटी के शव को घर से निकालकर खेत में फेंक दिया गया था. आरोप है कि वारदात के बाद घर में मौजूद खून के निशान मिटाने की कोशिश भी की गई.
पुलिस को दी थी अज्ञात हमलावरों की सूचना
17 सितंबर को रामचीज गुप्ता ने पुलिस को पत्नी और बेटी की हत्या की जानकारी दी और इसे अज्ञात लोगों की करतूत बताया. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए SWAT, सर्विलांस और रसड़ा पुलिस की संयुक्त टीम लगाई. घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ी तो पुलिस का शक रामचीज गुप्ता पर गया.
पुलिस के मुताबिक, सामाजिक बदनामी को बताया वजह
पुलिस का दावा है कि मानती देवी मानसिक बीमारी से जूझ रही थीं, जबकि उनकी बेटी गौरी दृष्टिबाधित थीं. पुलिस के अनुसार, परिवार की इस स्थिति को लेकर रामचीज सामाजिक प्रतिष्ठा को लेकर परेशान था. आरोप है कि इसी वजह से उसने गांव के ही चंदन यादव और दिनेश गुप्ता को अपने साथ मिलाया. हालांकि इस कथित मकसद की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया में ही होगी.
सिधागरघाट के पास तीनों गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, रामचीज गुप्ता समेत तीनों आरोपियों को सिधागरघाट के पास से गिरफ्तार किया गया. आरोपियों की निशानदेही पर कथित वारदात में इस्तेमाल औजार और खून से सने कपड़े बरामद किए जाने की बात पुलिस ने कही है. अब पुलिस हत्या की पूरी साजिश, तीनों की भूमिका और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: बलिया में तत्कालीन CMO-रेडियोलॉजिस्ट समेत 5 पर FIR, कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने शुरू की जांच
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए