UP Weather Live: यूपी के कई जनपदों में भारी बारिश का अलर्ट, कच्चे निर्माण से दूर रहने की अपील
UP Weather Live: यूपी के मौसम में गुरुवार से बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. मौसम विभाग ने तेज बारिश का इंतजार कर रहे लोगों को 29 जून से राहत मिलने की बात कही है. लखनऊ सहित आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार सुबह की शुरुआत बारिश से हुई. मौसम विभाग के मुताबिक अब तेज बारिश का सिलसिला जुलाई के पहले सप्ताह तक जारी रहेगा. इस बार मानसून पूरे उत्तर प्रदेश को कवर करेगा, जिससे सभी जगह तेज बारिश होने की वजह से लोगों को उमस भरी गर्मी से निजात मिलेगी. ये बारिश लगातार जारी रहेगा. अभी तक अधिकांश जगह कुछ मिनटों की बारिश होने के बाद चौबीस से अड़तालीस घंटे गुजरने के बावजूद दोबारा बारिश को लोग तरस रहे हैं.
यूपी के इन जनपदों में भारी बारिश का अलर्ट
यूपी में मानसून के सक्रिय होने के बीच लखनऊ, सीतापुर, बाराबंकी समेत कई जनपदों में गुरुवार शाम से शुक्रवार सुबह तक भारी बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने इसे लेकर अलर्ट जारी किया है. इसके मद्देनजर लखनऊ के जिलाधिकारी सूर्य पाल गंगवार ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है. कच्चे निर्माण या दीवार की शरण नहीं लेने को कहा गया है.
यूपी में बारिश से कई जगह बदला मौसम
यूपी में मानसून अब पूरी तरह से सक्रिय हो गया है. गुरुवार को प्रदेश में कई जगह बारिश की वजह से लोगों को गर्मी से राहत मिली. मौसम विभाग ने गुरुवार शाम सहित रात में भी बारिश की संभावना जताई है. जुलाई के पहले सप्ताह तक बादल इसी तरह बरसते रहेंगे.
बंगाल की खाड़ी से आईं नम हवाओं के कारण गर्मी से राहत
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी से आईं हवाएं नमी लेकर आई हैं. इस वजह से गर्मी से राहत मिली है. वहीं अब अच्छी बरसात के आसार हैं. इसके साथ ही तीव्रता की वजह से बारिश से संबंधित इलाके भी बढ़ेंगे.
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के मुताबिक पूरे यूपी में एक फिर से बरसात का दौर शुरू हो चुका है. कम दबाव की सक्रियता की वजह से गुरुवार से तेज बारिश का दौर शुरू गया है, जो कुछ दिनों तक जारी रहेगा. मौसम विभाग ने कई इलाकों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है. लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
लखनऊ, नोएडा सहित कई जगह झमाझम बारिश
यूपी के कई जिलों में गुरुवार सुबह से बारिश हो रही है. राजधानी लखनऊ और आसपास के जनपदों सहित एनसीआर के नोएडा और अन्य स्थानों में गुरुवार की सुबह तेज बारिश हुई. गुरुवार को प्रदेश में गरज चमक के साथ तेज बारिश होने का अनुमान है. आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश के मुताबिक प्रदेश में अगले पांच दिन अधिकतम तापमान में बहुत ज्यादा बदलाव के आसार नहीं है. ये एक से दो डिग्री नीचे जा सकता है. इसी तरह न्यूनतम तापमान में भी इतनी ही गिरावट देखने को मिल सकती है.
यूपी में एक्टिव हुआ मानसून, लखनऊ सहित यहां बरसे बादल
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में गुरुवार से बारिश का सिलसिला शुरू होने जा रहा है, जिसकी वजह से लोगों को उमस भरी गर्मी से पूरी तरह निजात मिलेगी. अब बादल जमकर बरसेंगे. प्रदेश में मानसून दाखिल होने के बाद अभी तक रफ्तार नहीं पकड़ पायाा था, जिसकी वजह से हल्की से मध्यम बारिश ही हुई है.

लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए