लखनऊ से कानपुर बस सफर हुआ महंगा, जाजमऊ पुल की मरम्मत से बढ़ा किराया जानिए नया रेट
लखनऊ से कानपुर बस का सफर हुआ महंगा (सांकेतिक तस्वीर)
जाजमऊ पुल की मरम्मत के कारण लखनऊ और कानपुर के बीच रोडवेज बस का सफर अब महंगा हो गया है. वैकल्पिक रास्ते से बसें चलने के कारण दूरी बढ़ गई है, जिसका सीधा असर किराए पर पड़ा है. जानिए कितना बढ़ा किराया और कब तक रहेगा यह बदलाव.
UP News: जाजमऊ पुल की मरम्मत ने लखनऊ-कानपुर के बीच रोडवेज बस से सफर करने वाले यात्रियों की जेब पर असर डाल दिया है. पुल पर डायवर्जन लागू होने के बाद बसों को करीब 15 किलोमीटर ज्यादा सफर करना पड़ रहा है. इसका असर सीधे किराये पर पड़ा है. आलमबाग से झकरकटी बस अड्डे तक का किराया 123 रुपये से बढ़ाकर 145 रुपये कर दिया गया है.
बदले रास्ते से बढ़ गई दूरी
पहले लखनऊ के आलमबाग बस अड्डे से कानपुर के झकरकटी बस अड्डे तक रोडवेज बसें जाजमऊ पुल के रास्ते आती थीं. इस रूट पर दोनों बस अड्डों के बीच दूरी करीब 84 किलोमीटर थी. यात्रियों से इसके लिए 123 रुपये किराया लिया जाता था. अब पुल की मरम्मत के कारण बसों को वैकल्पिक रास्ते से चलाया जा रहा है. बसें आजाद मार्ग, सरैया क्रासिंग, ट्रांसगंगा सिटी, गंगा बैराज और गुरुदेव पैलेस होते हुए जीटी रोड से झकरकटी पहुंच रही हैं. इससे दूरी करीब 99 किलोमीटर हो गई है.
15 किलोमीटर अतिरिक्त सफर, 22 रुपये ज्यादा किराया
नए रूट के कारण बसों को करीब 15 किलोमीटर अधिक चलना पड़ रहा है. इसी वजह से आलमबाग से झकरकटी तक किराये में 22 रुपये की बढ़ोतरी की गई है. अब यात्रियों को इस सफर के लिए 145 रुपये चुकाने होंगे. झकरकटी बस अड्डे के एआरएम पंकज तिवारी ने बताया कि अतिरिक्त दूरी के आधार पर किराये में यह बदलाव किया गया है.
लखनऊ से भी बढ़ सकता है बस का किराया
जाजमऊ पुल पर मरम्मत के कारण लखनऊ-कानपुर रूट पर एक और बदलाव किया गया है. लखनऊ डिपो की बसें अब उन्नाव के गदनखेड़ा चौराहे से रायबरेली रोड होकर कानपुर जाएंगी. इस रूट पर दूरी करीब 90 किलोमीटर से बढ़कर 150 किलोमीटर होने का अनुमान है. यानी यात्रियों को लगभग 60 किलोमीटर ज्यादा सफर करना पड़ेगा.
सर्वे के बाद होगा अंतिम फैसला
लखनऊ डिपो इस अतिरिक्त दूरी के कारण किराया बढ़ाने पर विचार कर रहा है. रोडवेज प्रशासन जल्द ही सर्वे कराएगा. क्षेत्रीय प्रबंधक के अनुसार, जाजमऊ के पुराने गंगा पुल पर मरम्मत का काम चल रहा है. इसके चलते 13 दिसंबर तक भारी वाहनों और रोडवेज बसों की आवाजाही प्रतिबंधित है. अतिरिक्त दूरी को देखते हुए लखनऊ-कानपुर बस किराये में करीब 80 रुपये तक की बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि, अंतिम किराया सर्वे के बाद तय किया जाएगा.
Also Read: IAS दिव्या मित्तल का इस्तीफा मंजूर, 15 सितंबर से खत्म हुआ सफर, आखिर क्यों छोड़ दी प्रशासनिक सेवा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए