Ram Mandir Pran Pratishtha: श्री राम के स्वागत के लिए तैयार अयोध्या, प्राण प्रतिष्ठा आज
Published by : Amit Yadav Updated At : 22 Jan 2024 5:30 AM
श्रीराम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा का मुख्य अयोजन आज है. अयोध्या समेत पूरे देश में उत्सव का माहौल है. शाम को अयोध्या सहित पूरे देश में दीपावली मनाई जाएगी. पीएम और सीएम ने हर घर में रामज्योति जलाने का आग्रह किया है.
अयोध्या: 500 वर्षों के तप के बाद आखिरकार सोमवार को प्रभु श्रीराम अपने नव्य-भव्य और दिव्य मंदिर में विराजने जा रहे हैं. 22 जनवरी को पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ सहित संत समाज और अति विशिष्ट लोगों की उपस्थिति में रामलला के श्रीविग्रह की प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान होगा. अभिजीत मुहूर्त में 84 सेकेंड में प्राण प्रतिष्ठा संपन्न होगी. इस ऐतिहासिक अवसर पर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सीएम योगी एक दिन पहले ही अयोध्या धाम पहुंच चुके हैं.
भगवान श्री रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा का कार्यक्रम अभिजीत मुहूर्त में संपन्न होगा. पीएम नरेंद्र मोदी सुबह 10.25 पर अयोध्या धाम के महर्षि वाल्मीकि अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचेंगे. 10.45 पर अयोध्या हैलीपैड पर उनका आगमन होगा. यहां से वो सीधे राम जन्मभूमि स्थल पर पहुंचेंगे. इसके बाद 11 बजे से 12 बजे तक वह विभिन्न आयोजनों में हिस्सा लेंगे. दोपहर 12.05 बजे से 12.55 तक प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन होगा. दोपहर एक बजे कार्यक्रम खत्म होने के बाद वह समारोह स्थल पर पहुंचेंगे, जहां अन्य विशिष्ट अतिथियों के साथ ही पूरे देश और दुनिया को संबोधित करेंगे. यहां सीएम योगी भी अतिथियों का स्वागत करेंगे.
वाराणसी के गणेशवर शास्त्री द्रविड़ सभी प्रक्रियाओं की निगरानी, समन्वय और दिशा-निर्देशन करेंगे. काशी के लक्ष्मीकांत दीक्षित मुख्य आचार्य होंगे. प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान की सभी प्रक्रियाओं का समन्वय, समर्थन और मार्गदर्शन करने वाले 121 आचार्य होंगे. प्राण प्रतिष्ठा की प्रक्रिया 16 जनवरी से ही शुरू हो चुकी है। 16 जनवरी को जहां प्रायश्चित्त और कर्मकूटि पूजन कराया गया था, वहीं 17 जनवरी को मूर्ति का परिसर प्रवेश हुआ था। 18 जनवरी को तीर्थ पूजन, जल यात्रा, जलाधिवास और गंधाधिवास के साथ ही श्रीराम लला विग्रह को उनके स्थान पर विराजमान किया गया. 19 जनवरी को औषधाधिवास, केसराधिवास, घृताधिवास, 19 जनवरी को धान्याधिवास, 20 जनवरी को शर्कराधिवास, फलाधिवास, पुष्पाधिवास और 21 जनवरी को मध्याधिवास और शय्याधिवास कराया गया.
Also Read: Ayodhya Security: अयोध्या में 13 हजार सुरक्षाकर्मी, 10 हजार सीसीटीवी कैमरे और सरयू में स्पीड बोट से निगरानी
प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर 8 हजार से ज्यादा लोगों को आमंत्रित किया गया है. इसमें साधु संतों के साथ विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित लोगों को बुलाया गया है. देर रात तक इनमें से कई लोग अयोध्या धाम पहुंच चुके हैं, जबकि बाकी लोग भी सोमवार तड़के पहुंचने वाले हैं. भारतीय आध्यात्मिकता, धर्म, संप्रदाय, पूजा पद्धति, परंपरा के सभी विद्यालयों के आचार्य, 150 से अधिक परंपराओं के संत, महामंडलेश्वर, मंडलेश्वर, श्रीमहंत, महंत, नागा सहित 50 से अधिक आदिवासी, गिरिवासी, तातवासी, द्वीपवासी आदिवासी परंपराओं के प्रमुख व्यक्तियों की कार्यक्रम में उपस्थिति रहेगीृ इसके साथ ही, भारत के इतिहास में पहली बार पहाड़ों, वनों, तटीय क्षेत्रों, द्वीपों आदि के वासियों द्वारा एक स्थान पर ऐसे किसी समारोह में प्रतिभाग किया जा रहा है.
प्राण प्रतिष्ठा में विभिन्न परंपराओं के लोगों को भी स्थान दिया गया है. शैव, वैष्णव, शाक्त, गाणपत्य, पात्य, सिख, बौद्ध, जैन, दशनाम शंकर, रामानंद, रामानुज, निम्बार्क, माध्व, विष्णु नामी, रामसनेही, घिसापंथ, गरीबदासी, गौड़ीय, कबीरपंथी, वाल्मीकि, शंकरदेव (असम), माधव देव, इस्कॉन, रामकृष्ण मिशन, चिन्मय मिशन, भारत सेवाश्रम संघ, गायत्री परिवार, अनुकूल चंद्र ठाकुर परंपरा, ओडिशा के महिमा समाज, अकाली, निरंकारी, नामधारी (पंजाब), राधास्वामी और स्वामीनारायण, वारकरी, वीर शैव इत्यादि कई सम्मानित परंपराएं इसमें भाग लेंगी। गर्भ-गृह में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के पूर्ण होने के बाद, सभी साक्षी महानुभावों को दर्शन कराया जाएगा.
Also Read: Ram Mandir Pran Pratishtha: 114 कलश के औषधीय जल से हुआ श्री राम का स्नान, प्राण प्रतिष्ठा कल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










