कानपुर में दवा कारोबारी विनीत हत्याकांड का नया ट्विस्ट, बहू के बाद बेटा भी रडार पर, साक्ष्य जुटा रही पुलिस
विनीत हत्याकांड में बहु के बाद बेटे पर भी पुलिस की नजर.
UP Crime News: कानपुर में दवा कारोबारी विनीत हत्याकांड की जांच में नया खुलासा हुआ है. बेटे सुब्रत की भूमिका पर पुलिस को शक है और हत्यारोपी विशाल गौतम से उसके संपर्क के सबूत मिले हैं. पुलिस फिलहाल ठोस साक्ष्य जुटाने में लगी है.
UP Crime News: कानपुर के दवा कारोबारी विनीत हत्याकांड की जांच अब एक और अहम मोड़ पर पहुंच गई है. बहू शालू के बाद पुलिस को बेटे सुब्रत की भूमिका पर भी गहरी आशंका है. पुलिस का कहना है कि सुब्रत और शालू के हत्यारोपी विशाल गौतम उर्फ शुभम से संपर्क के साक्ष्य मिले हैं. हालांकि, सुब्रत की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस अभी ठोस साक्ष्य जुटा रही है.
सीडीआर से बढ़ा शक
पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, शालू और सुब्रत दोनों की सीडीआर खंगाली गई. इसमें हत्यारोपी विशाल से बातचीत सामने आई है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद आरोपियों ने शालू का नाम लिया था. सुब्रत के खिलाफ अभी न तो हत्यारोपी ने कोई बयान दिया है और न ही गार्ड ने. इसलिए पुलिस फिलहाल उसे न गिरफ्तार कर रही है और न ही क्लीन चिट दे रही है.
शालू के खिलाफ दो अहम कड़ियां
पुलिस के मुताबिक, शालू के खिलाफ दो प्रमुख साक्ष्य सामने आए हैं. पहला, हत्यारोपी का कबूलनामा है. दूसरा, रतन ऑर्बिट के गार्ड का बयान है. गार्ड ने बताया कि शालू ने विशाल को अंदर आने से रोकने के लिए कहा था. इसके अलावा विशाल से बातचीत की सीडीआर भी जांच में अहम मानी जा रही है.
हादसे की साजिश से चाकू तक
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पहले विनीत को सड़क हादसे में मारने की योजना बनाई गई थी. व्यस्त ट्रैफिक और पकड़े जाने के डर से योजना बदल दी गई. इसके बाद तकिया से मुंह दबाकर हत्या करने की साजिश बनी. कमरे लॉक करने के दौरान विरोध की स्थिति बनी तो आरोपियों ने चाकू से विनीत की हत्या कर दी. पुलिस अब यह भी जांच रही है कि तिलकनगर के कॉस्मोजिन लाउंज में हुई किटी पार्टी का आयोजन सुब्रत और शालू ने तो नहीं कराया था.
पार्टी और सीसीटीवी की जांच
हत्या के समय सुब्रत और शालू लाउंज में मौजूद थे. मंगलवार को पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर मैनेजर से पूछताछ की. मैनेजर ने बताया कि कैमरे केवल लाइव चलते हैं और रिकॉर्डिंग नहीं होती. ऐसे में पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. इससे दोनों के आने-जाने का समय स्पष्ट हो सकता है. उधर, रतन ऑर्बिट में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आने-जाने वालों की इंट्री दर्ज की जा रही है. पुलिस फिलहाल ठोस और पुख्ता साक्ष्य जुटाने में लगी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए