पत्नी के डर से पति ने DM से लगायी गुहार, बोले- साहब मेरी जान बचा लीजिए

डीएम से न्याय की गुहार लगाते हुए युवक (AI)
UP News: कानपुर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया, जहां 41 साल से साथ रह रहे एक बुजुर्ग पति ने अपनी पत्नी पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया. डीएम से न्याय की गुहार लगाते हुए उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है.
UP News: आमतौर पर घरेलू हिंसा की शिकायतें महिलाओं की ओर से सामने आती हैं, लेकिन कानपुर में डीएम जनता दर्शन के दौरान एक ऐसा मामला पहुंचा जिसने सभी को हैरान कर दिया. 41 साल की शादी के बाद एक बुजुर्ग पति ने अपनी ही पत्नी पर मारपीट, जूतों से पीटने और लगातार अपमानित करने का आरोप लगाया. न्याय की गुहार लगाते हुए बुजुर्ग ने जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच की मांग की, जिसके बाद मामले को प्रोबेशन विभाग को सौंपकर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए.
41 साल साथ निभाने के बाद रिश्ते में आई कड़वाहट
बुजुर्ग ने अपने प्रार्थना-पत्र में बताया कि उन्होंने पूरी जिंदगी परिवार की खुशहाली के लिए मेहनत की. खेत बेचकर मकान बनवाया, बच्चों को पढ़ाया-लिखाया और तीनों बेटों की शादी भी कराई. इतना ही नहीं, उन्होंने अपनी पत्नी के नाम पर जमीन भी खरीदी. लेकिन अब हालात ऐसे हो गए हैं कि वही पत्नी उनके साथ मारपीट करती है, गाली-गलौज करती है और कई बार जूतों से भी पीट चुकी है. उनका कहना है कि लगातार हो रहे इस व्यवहार से वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हैं.
'हाथ-पैर तुड़वा दूंगी', पत्नी पर धमकी देने का भी आरोप
पीड़ित बुजुर्ग ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी अक्सर उन्हें धमकाती है और कहती है कि उन्हें घर से दूर भिजवा देगी या उनके हाथ-पैर तुड़वा देगी. आवेदन में उन्होंने यह भी लिखा कि जब किसी दूसरे व्यक्ति का फोन पत्नी के पास आता है तो उसका व्यवहार संदिग्ध लगता है, जिससे उन्हें मानसिक पीड़ा होती है. उनका कहना है कि यदि प्रशासन दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करे तो सच्चाई खुद सामने आ जाएगी.
परिवार पर भी लगाए गंभीर आरोप
बुजुर्ग ने अपनी शिकायत में केवल पत्नी ही नहीं, बल्कि परिवार के अन्य सदस्यों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि परिवार के कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की, उनकी झोपड़ी गिरा दी और उन्हें घर छोड़ने पर मजबूर कर दिया. हालात ऐसे हो गए कि अब उन्हें पनकी स्थित रैन बसेरे में रहना पड़ रहा है. उनका कहना है कि उम्र के इस पड़ाव पर उन्हें अपने ही घर से बेघर होना पड़ा, जो उनके लिए सबसे बड़ा दुख है.
डीएम ने दिए जांच के आदेश
प्रार्थना-पत्र के अंत में बुजुर्ग ने प्रशासन से भावुक अपील करते हुए कहा कि उनकी पत्नी और परिवार के संबंधित लोगों को बुलाकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएं. मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने शिकायत को प्रोबेशन विभाग के पास भेज दिया है और अधिकारियों को जल्द से जल्द जांच पूरी कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. अब सभी की नजर इस बात पर है कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और प्रशासन इस मामले में आगे क्या कदम उठाता है।
Also Read: विराट-अनुष्का की सादगी ने जीता दिल, कीचड़ में नंगे पैर चलकर प्रेमानंद महाराज का लिया आशीर्वाद
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










