जमीन की हवस में अंधा हुआ दरिंदा, कुल्हाड़ी के ताबड़तोड़ वार से बिछाईं मां-बहन की लाशें, पूरे इलाके में हड़कंप
प्रतीकात्मक फोटो.
उत्तर प्रदेश के जौनपुर में संपत्ति विवाद और मामूली कहासुनी के चलते एक भाई ने अपनी ही मां और बहन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. इस खूनी वारदात में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
Jaunpur Double Murder: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के नेवढ़िया थाना क्षेत्र में संपत्ति विवाद और मामूली कहासुनी के बाद एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. सैदुपुर गांव में पिता की वसीयत को लेकर चल रही रंजिश और उड़द की फसल लाने के लिए रिक्शा ट्रॉली (सगड़ी) मांगने के विवाद में इकलौते भाई भूपेंद्र पटेल ने अपनी ही बहन और बीच-बचाव करने आई वृद्ध मां पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए. इस खूनी हमले में मां-बेटी दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.
बहन से कहासुनी के बाद कुल्हाड़ी से हमला
पुलिस के अनुसार, आरोपी भूपेंद्र पटेल ने अपनी 45 वर्षीय बहन गौरा देवी से उड़द की फसल लाने के लिए सगड़ी (रिक्शा ट्राली) मांगी थी. बहन ने सगड़ी देने से मना कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. आरोप है कि इसी दौरान भूपेंद्र ने गौरा देवी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. बेटी को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचीं 70 वर्षीय मां शीतला देवी भी हमले की चपेट में आ गईं. गंभीर चोट लगने के कारण दोनों की मौत हो गई.
छोटी बेटी के नाम वसीयत के बाद बढ़ी थी रिश्तों में दरार
एएसपी ग्रामीण आतिश कुमार के मुताबिक, आरोपी का अपनी बहन के साथ संपत्ति को लेकर भी विवाद चल रहा था. भूपेंद्र छह बहनों में इकलौता भाई था. उसके पिता रामपति देव प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक पद से सेवानिवृत्त थे. कोरोना के दौरान उनकी मौत हो गई थी. पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पिता ने अपनी छोटी बेटी गौरा देवी के नाम कुछ संपत्ति वसीयत की थी. पिता की मौत के बाद वसीयत का खुलासा होने पर भूपेंद्र अपनी मां से अलग रहने लगा था.
बहन करती थी मां की देखभाल, पुलिस जांच में जुटी
गौरा देवी की शादी मड़ियाहूं थाना क्षेत्र के किशुनपुर गांव में हुई थी और वह अपनी मां शीतला देवी की देखभाल के लिए अक्सर आती-जाती थी. वसीयत के बाद भाई-बहन के बीच विवाद बढ़ गया था और दोनों अलग-अलग रहते थे. घटना की सूचना मिलने पर नेवढ़िया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए