लखनऊ में दिल दहला देने वाला हादसा मासूम बच्ची पर गाय का खौफनाक हमला

लखनऊ में दिल दहला देने वाला हादसा मासूम बच्ची पर गाय का खौफनाक हमला
Up News: लखनऊ के अर्जुंगंज में एक दिल दहला देने वाली घटना में, एक आवारा गाय ने आठ वर्षीय बच्ची पर बेरहमी से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. पड़ोसियों की सूझबूझ से बच्ची की जान बचाई जा सकी.
Up News राजधानी लखनऊ के अर्जुंगंज स्थित सरसवां गांव में शुक्रवार की शाम एक बेहद खौफनाक हादसा घटित हुआ. मिस्त्री सिनोद कुमार की आठ वर्षीय बेटी सुनैना अपने घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी. तभी अचानक आई एक आवारा गाय ने उस पर हमला कर दिया. गाय ने बच्ची को सींगों से दीवार पर दे मारा और फिर जमीन पर पटक दिया. इसके बाद वह लगभग एक मिनट तक मासूम बच्ची को चारों पैरों से उछलकर रौंदती रही. यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.
जान पर खेलकर पड़ोसियों ने बचाई बच्ची की जान
मासूम बच्ची की चीख सुनकर पड़ोस में रहने वाली एक महिला तुरंत उसे बचाने दौड़ी. उसने पास पड़ी बच्चों की साइकिल उठाकर गाय की ओर फेंक दी. इससे भड़की गाय ने बच्ची को छोड़कर महिला को दौड़ा लिया. इसके बाद शोर मचने पर स्थानीय नागरिक लाठी लेकर मौके पर पहुंचे. गाय ने उन पर भी हमला किया, जिसमें बच्ची को बचाने पहुंचे मजदूर मोहम्मद वसीम घायल हो गए. काफी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों ने उस हिंसक गाय को भगाया.
गंभीर अवस्था में बच्ची अस्पताल में भर्ती, इलाके में दहशत
लहूलुहान बच्ची को परिजन तुरंत एक निजी अस्पताल ले गए, जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे सिविल अस्पताल रेफर कर दिया. फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में सुनैना का इलाज जारी है और उसकी हालत काफी नाजुक बनी हुई है. शनिवार को इस भयानक हमले का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है. स्थानीय नागरिक प्रशासन से कार्रवाई चाहते हैं.
यह भी पढ़े: सरकारी नौकरी के नाम पर ₹10 लाख की ठगी, केस दर्ज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










