रात को सो रही किशोरी को डसा जहरीला सांप! डॉक्टरों ने कहा 'डेथ', फिर भी परिवार पिला रहा घी; जानें पूरा मामला
झाड़-फूंक और आधुनिक चिकित्सा के बीच संघर्ष करता एक परिवार
Balliya News: कुरेजी गांव में 17 साल की चांदनी की सर्पदंश से मौत हो गई. डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया, लेकिन परिवार का दावा है कि वह जीवित है और घी पी रही है. मामले की जांच जारी है.
Balliya News: बलिया जिले के गड़वार थाना क्षेत्र के कुरेजी गांव में सर्पदंश से 17 वर्षीय किशोरी की मौत का मामला सामने आया है. परिजनों के अनुसार, गुरुवार रात खाना खाने के बाद चांदनी घर में सो रही थी. इसी दौरान रात करीब एक बजे छज्जे से बिस्तर पर गिरे करैत सांप ने उसकी उंगली में डस लिया. घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई.
भाई को बताई सांप के डसने की बात
सांप के डसने के तुरंत बाद चांदनी ने अपने भाई को इसकी जानकारी दी. परिजन बिना देर किए उसे निजी साधन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां उसकी हालत गंभीर बताई गई. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया.
अस्पताल के बजाय झाड़-फूंक कराने ले गए परिजन
परिजन चांदनी को इलाज के लिए दूसरे अस्पताल ले जाने के बजाय सिकंदरपुर लेकर गए, जहां झाड़-फूंक कराई गई. वहां हालत में सुधार नहीं होने पर शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे उसे मऊ स्थित फातिमा अस्पताल ले जाया गया.
डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
फातिमा अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद चांदनी को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद भी परिजनों को उसकी मौत पर विश्वास नहीं हुआ. परिवार का दावा है कि चांदनी की नब्ज अभी रुक-रुककर चल रही है.
घी पिलाने का भी परिजनों ने किया दावा
परिजनों का यह भी कहना है कि घी पिलाने पर चांदनी ने करीब तीन चम्मच घी पिया है. इसी उम्मीद में परिवार के लोग उसके जीवित होने का दावा कर रहे हैं और झाड़-फूंक में जुटे हैं.
रात में बिस्तर पर गिरा था करैत सांप
परिजनों के मुताबिक, चांदनी खाना खाने के बाद घर में सो रही थी. रात करीब एक बजे छज्जे से एक करैत सांप उसके बिस्तर पर गिरा और उसने किशोरी की उंगली में डस लिया. इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर गए थे. फिलहाल, चिकित्सकों ने चांदनी को मृत घोषित किया है, जबकि परिजन उसके जीवित होने का दावा कर रहे हैं. मामले में परिवार की ओर से किए जा रहे दावों और आगे की स्थिति की जानकारी संबंधित चिकित्सकीय जांच पर निर्भर करेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए