UP Election 2027: नितिन नवीन आज से संभालेंगे पश्चिमी यूपी का मोर्चा, मेरठ में 5 हजार कार्यकर्ताओं से संवाद, क्या है BJP का प्लान
मेरठ में पांच हजार शक्ति केंद्र संयोजकों से संवाद
UP Politics: भाजपा 2027 के मिशन में जुटने के लिए उत्तर प्रदेश में अपनी सक्रियता बढ़ा रही है. राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पश्चिमी यूपी के दो दिवसीय दौरे पर हैं, जहां वे कार्यकर्ताओं से सीधे जुड़कर संगठन की तैयारियों का जायजा लेंगे.
UP Politics: उत्तर प्रदेश में मिशन-2027 को लेकर भाजपा ने संगठन को सक्रिय करने की कवायद तेज कर दी है. प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के नेतृत्व में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के बाद अब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पश्चिमी उत्तर प्रदेश का दो दिवसीय दौरा शुरू करेंगे. 21 और 22 सितंबर को मेरठ और सहारनपुर में रहने के दौरान वह संगठन की तैयारियों के साथ जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता और क्षेत्रीय फीडबैक को समझने की कोशिश करेंगे.
नए संगठनात्मक ढांचे की भी होगी पड़ताल
नितिन नवीन का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब प्रदेश भाजपा संगठन में पुनर्संरचना की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है. पार्टी ने हाल ही में सभी सांगठनिक जिलों के लिए नए प्रभारियों की नियुक्ति की है. ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष का पश्चिमी यूपी दौरा नए संगठनात्मक ढांचे की सक्रियता और क्षेत्रवार तैयारियों को परखने का मौका माना जा रहा है. बैठकों के दौरान स्थानीय स्तर से मिलने वाले फीडबैक को भी अहम माना जाएगा.
मेरठ में पांच हजार शक्ति केंद्र संयोजकों से संवाद
दौरे के पहले दिन 21 सितंबर को नितिन नवीन मेरठ में युवा संवाद और शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन में शामिल होंगे. इसके अलावा पश्चिमी यूपी के सांसदों और विधायकों के साथ संगठनात्मक बैठक भी करेंगे. करीब पांच हजार शक्ति केंद्र संयोजकों के साथ प्रस्तावित संवाद में बूथ से लेकर शक्ति केंद्र स्तर तक संगठन की स्थिति पर चर्चा होगी. जमीनी नेटवर्क, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और क्षेत्रीय मुद्दों की जानकारी सीधे राष्ट्रीय अध्यक्ष तक पहुंचने की संभावना है.
बूथ से मंडल तक तैयारियों पर फोकस
भाजपा के लिए पश्चिमी यूपी संगठनात्मक लिहाज से महत्वपूर्ण क्षेत्र है. इसलिए मेरठ की बैठकों में बूथ, शक्ति केंद्र, मंडल और जिला स्तर की तैयारियों पर विशेष चर्चा होगी. कार्यकर्ताओं की भूमिका, संगठन को लगातार सक्रिय रखने और आगामी कार्यक्रमों को जमीन तक पहुंचाने जैसे मुद्दे भी चर्चा के केंद्र में रहेंगे. शक्ति केंद्र संयोजकों के जरिए स्थानीय स्तर की चुनौतियों और कार्यकर्ताओं के फीडबैक को समझने पर भी जोर रहेगा.
सहारनपुर में पुराने नेताओं से भी संवाद
दौरे के दूसरे दिन 22 सितंबर को नितिन नवीन सहारनपुर पहुंचेंगे. यहां मां शाकंभरी देवी के दर्शन के बाद पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें प्रस्तावित हैं. इस दौरान पूर्व सांसदों, विधायकों और पूर्व पदाधिकारियों से भी संवाद किया जाएगा. मौजूदा संगठन के साथ पुराने नेताओं के अनुभव और क्षेत्रीय फीडबैक को जोड़ने की कोशिश होगी.
मिशन-2027 के लिए जमीनी नेटवर्क पर जोर
नितिन नवीन का दो दिवसीय दौरा प्रदेश भाजपा में चल रही संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने की कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है. पार्टी का फोकस बूथ से जिला स्तर तक संगठन को सक्रिय रखने, कार्यकर्ताओं से संवाद बढ़ाने और क्षेत्रवार फीडबैक के आधार पर आगे की गतिविधियों को मजबूत करने पर है. मेरठ और सहारनपुर में होने वाली बैठकों से पश्चिमी यूपी में भाजपा के संगठनात्मक नेटवर्क की तैयारियों को लेकर तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है. यह भी देखें: UP Election 2027: ओवैसी का खुला ऑफर, BJP को रोकने के लिए गठबंधन को तैयार AIMIM, रखी ऐसी शर्त कि बढ़ी हलचल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए