शाहजहांपुर में सांड बना काल! अचानक बाइक के सामने आया, जोरदार टक्कर के बाद हुआ कुछ ऐसा कि परिवार में मचा कोहराम
टक्कर के बाद सड़क पर काफी दूर तक घिसटे
UP News: शाहजहांपुर में एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना में बाइक सवार वेदपाल की मौत हो गई. अचानक सड़क पर आए सांड से टकराने के बाद बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे गंभीर चोटें आईं. इस हादसे ने वेदपाल के परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है.
UP News: शाहजहांपुर के निगोही थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में करीब 40 वर्षीय बाइक सवार वेदपाल की मौत हो गई. बीसलपुर-बिलसंडा मार्ग पर भटियूरा पृथ्वीपुर गांव के पास अचानक सड़क पर आए सांड से उनकी बाइक टकरा गई. टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और वेदपाल गंभीर रूप से घायल हो गए. राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल भेजा, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
रात करीब 11 बजे हुआ दर्दनाक हादसा
बताया गया कि पीलीभीत के गुरवा गांव निवासी वेदपाल शाहजहांपुर में अपने रिश्तेदार के घर आए थे. रविवार रात करीब 11 बजे वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे. जैसे ही वह भटियूरा पृथ्वीपुर गांव के पास पहुंचे, अंधेरे में सड़क पर अचानक सांड सामने आ गया. वेदपाल को संभलने का मौका नहीं मिला और बाइक सीधे सांड से जा टकराई.
टक्कर के बाद सड़क पर काफी दूर तक घिसटे
हादसे के बाद वेदपाल बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह सड़क पर काफी दूर तक घिसटते चले गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं. आसपास से गुजर रहे लोगों ने घायल अवस्था में उन्हें देखा और पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एंबुलेंस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन जांच के बाद चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया.
पत्नी और तीन बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़
वेदपाल की मौत की खबर परिवार तक पहुंचते ही कोहराम मच गया. पुलिस ने शव की पहचान कराने के बाद पीलीभीत में परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद देर रात परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए. वेदपाल अपने पीछे पत्नी रेशमा देवी, 12 वर्षीय बेटे अर्जुन, 10 वर्षीय बेटे करण और बेटी पायल को छोड़ गए हैं. पति की मौत की खबर सुनकर रेशमा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है.
बच्चों के सिर से अचानक उठा पिता का साया
वेदपाल की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. तीनों बच्चों के लिए पिता को अचानक खोना किसी बड़े सदमे से कम नहीं है. परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. हादसे के बाद इलाके में भी शोक का माहौल है.
आवारा पशुओं को लेकर फिर उठे सवाल
निगोही थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव तोमर के अनुसार बाइक सवार की मौत सड़क पर सांड से टकराने के कारण हुई है. पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के बाद शव को कब्जे में ले लिया और पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी. हादसे के बाद ग्रामीणों ने सड़क पर घूमने वाले आवारा पशुओं को लेकर चिंता जताई है और ऐसे हादसों की रोकथाम की जरूरत पर सवाल उठाए हैं. यह भी देखें: 40 हजार फीस, थाली में कीड़े-बाल का आरोप! लखनऊ यूनिवर्सिटी के कैलाश हॉस्टल में हंगामा, Congress ने BJP सरकार को घेरा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए