Google पर डॉक्टर का नंबर खोजना पड़ा भारी, APK फाइल डाउनलोड करते ही बैंक खाते से उड़े ₹5 लाख, बरेली में हैरान कर देने वाली घटना
डॉक्टर का नंबर खोजते ही साइबर ठगी, खाते से उड़ गए ₹5 लाख
Bareilly Cyber Crime: बरेली में Google पर डॉक्टर का नंबर खोजना एक परिवार पर भारी पड़ा. APK फाइल डाउनलोड करते ही बैंक खाते से 5 लाख से अधिक रुपये पार हो गए. पूरी घटना जानें.
Bareilly Cyber Crime: बरेली में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. बच्चे को डॉक्टर को दिखाने के लिए Google पर मोबाइल नंबर सर्च करना एक परिवार को भारी पड़ गया. सर्च के दौरान मिले नंबर पर कॉल करने के बाद साइबर ठग ने ऑनलाइन अपॉइंटमेंट कराने का झांसा दिया और WhatsApp पर एक APK फाइल भेजकर उसे डाउनलोड करा लिया. इसके कुछ दिन बाद पीड़ित के बैंक खाते से करीब 5 लाख 6 हजार रुपये निकल गए. रकम निकलने का पता तब चला, जब पीड़ित बैंक शाखा पहुंचा.
डॉक्टर का नंबर खोजने के बाद शुरू हुआ पूरा खेल
मामला इफको कॉलोनी निवासी सर्वेश शर्मा ने 24 अगस्त को अपने बच्चे को डॉक्टर को दिखाने के लिए अयूब खां चौराहे के पास स्थित नाक, कान और गला रोग विशेषज्ञ से अपॉइंटमेंट लेने का फैसला किया था. इसके लिए उन्होंने डॉक्टर का मोबाइल नंबर Google पर सर्च किया. सर्च के दौरान उन्हें एक मोबाइल नंबर मिला. सर्वेश ने उस नंबर पर कॉल किया तो सामने वाले व्यक्ति ने खुद को अपॉइंटमेंट कराने में मदद करने वाला बताया. इसी बातचीत के दौरान आरोपी ने ऑनलाइन अपॉइंटमेंट के नाम पर उन्हें अपने जाल में फंसा लिया.
WhatsApp पर भेजी APK फाइल, डाउनलोड करते ही बढ़ा खतरा
आरोपी ने सर्वेश को WhatsApp पर एक APK फाइल भेजी और उसे डाउनलोड करने के लिए कहा. सर्वेश ने आरोपी की बात पर भरोसा किया और फाइल डाउनलोड कर ली. हालांकि, इसके बाद भी डॉक्टर का अपॉइंटमेंट नहीं हो सका. बाद में सर्वेश खुद डॉक्टर के पास पहुंचे और बच्चे के लिए दवा लेकर घर लौट आए. उस समय उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं था कि मोबाइल पर भेजी गई फाइल के जरिए उनके साथ साइबर ठगी हो चुकी है.
बैंक पहुंचे तो खाते से गायब मिले 5.06 लाख रुपये
कुछ दिन बाद 12 सितंबर को सर्वेश बैंक शाखा पहुंचे. वहां उन्हें अपने खाते से बड़ी रकम निकलने की जानकारी मिली. खाते की जांच कराने पर पता चला कि करीब 5 लाख 6 हजार रुपये निकाले जा चुके हैं. रकम निकलने की जानकारी मिलने के बाद सर्वेश ने मामले की शिकायत साइबर थाने में की और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी.
अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ केस दर्ज
सर्वेश की तहरीर के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है. मामले की जांच इंस्पेक्टर सिद्धार्थ सिंह तोमर को सौंपी गई है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि APK फाइल के जरिए मोबाइल में किस तरह सेंध लगाई गई और बैंक खाते से रकम कैसे निकाली गई.
Google पर नंबर सर्च करते समय सावधान रहने की जरूरत
साइबर थाना पुलिस ने लोगों को ऐसे मामलों से सावधान रहने की सलाह दी है. पुलिस के मुताबिक डॉक्टर, अस्पताल या किसी दूसरी जरूरी सेवा का मोबाइल नंबर Google पर सर्च करते समय सावधानी बरतनी चाहिए. साइबर अपराधी कई बार इंटरनेट पर गलत मोबाइल नंबर या फर्जी जानकारी डाल देते हैं. लोग जब इन नंबरों पर संपर्क करते हैं तो उन्हें अलग-अलग बहाने से अपने जाल में फंसाया जाता है.
SSP अनुराग आर्य ने लोगों से क्या कहा?
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर साइबर थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी ने डॉक्टर का अपॉइंटमेंट कराने के बहाने पीड़ित को अपने जाल में फंसाया. एसएसपी के मुताबिक, संभव है कि APK फाइल के जरिए मोबाइल में सेंध लगाकर बैंक खाते से रकम निकाली गई हो. उन्होंने लोगों से अपील की कि अनजान लोगों की बात पर भरोसा न करें और उनके भेजे किसी भी APK फाइल को डाउनलोड न करें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए