बलिया के ‘बाटी-चोखा’ को मिलेगी नई पहचान, ODOP योजना से कारोबारियों को 50 लाख रुपये तक सहायता

बलिया का मशहूर बाटी—चोखा
UP News: बलिया का पारंपरिक व्यंजन 'बाटी-चोखा' अब कारोबार का नया रूप लेने जा रहा है. उत्तर प्रदेश सरकार की ODOP योजना के तहत, बाटी-चोखा से जुड़े व्यवसाय शुरू करने वाले उद्यमियों को बैंक ऋण और 50 लाख रुपये तक की मार्जिन मनी सहायता मिलेगी. यह योजना स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और बलिया के स्वाद को वैश्विक मंच पर ले जाने का लक्ष्य रखती है.
UP News: जिले के पारंपरिक व्यंजन ‘बाटी-चोखा’ को अब कारोबार का नया आयाम मिलने जा रहा है. उत्तर प्रदेश सरकार ने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए एक जनपद एक उत्पाद (ODOP) वित्त पोषण सहायता योजना 2026-27 लागू की है. इस योजना के तहत बलिया में बाटी-चोखा से जुड़े उद्योग, सेवा और व्यवसाय शुरू करने वाले उद्यमियों को बैंक ऋण के साथ सरकार की ओर से मार्जिन मनी सहायता भी उपलब्ध करायी जाएगी. सरकार की पहल का उद्देश्य बलिया के पारंपरिक स्वाद को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाना और स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना है. योजना के तहत इच्छुक उद्यमी बाटी-चोखा से जुड़े होटल, रेस्टोरेंट, फूड प्रोसेसिंग यूनिट, पैकेजिंग, बिक्री केंद्र समेत अन्य कारोबार शुरू कर सकते हैं.
परियोजना लागत के हिसाब से मिलेगी सहायता
ODOP योजना में अलग-अलग श्रेणी की परियोजनाओं के लिए अलग-अलग मार्जिन मनी का प्रावधान किया गया है. 25 लाख रुपये तक की परियोजना लागत वाली इकाइयों को परियोजना लागत का 25 प्रतिशत या अधिकतम 6.25 लाख रुपये तक की सहायता मिलेगी. वहीं 25 लाख से 50 लाख रुपये तक की परियोजनाओं पर 20 प्रतिशत या अधिकतम 6.25 लाख रुपये तक मार्जिन मनी दी जाएगी. 50 लाख रुपये से 1.50 करोड़ रुपये तक की परियोजनाओं के लिए 10 प्रतिशत अथवा 6.25 लाख रुपये (जो भी अधिक हो) की सहायता का प्रावधान है. जबकि 1.50 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं में परियोजना लागत का 10 प्रतिशत, अधिकतम 50 लाख रुपये तक सरकार की ओर से सहायता दी जाएगी.
महिलाओं और वंचित वर्गों को विशेष राहत
योजना का लाभ लेने के लिए सामान्य वर्ग के लाभार्थियों को परियोजना लागत का 10 प्रतिशत स्वयं का अंशदान करना होगा. वहीं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, महिला और दिव्यांग लाभार्थियों के लिए स्वयं का अंशदान केवल 5 प्रतिशत रखा गया है.
18 वर्ष से अधिक उम्र के लोग कर सकेंगे आवेदन
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की उम्र 18 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए. इसके लिए किसी विशेष शैक्षिक योग्यता की अनिवार्यता नहीं रखी गयी है. हालांकि लाभार्थी का व्यवसाय बलिया के चिन्हित ODOP उत्पाद बाटी-चोखा से संबंधित होना जरूरी होगा. आवेदक किसी राष्ट्रीयकृत बैंक का डिफॉल्टर नहीं होना चाहिए और उसे केंद्र या राज्य सरकार की किसी अन्य स्वरोजगार योजना का लाभ पहले से नहीं मिल रहा होना चाहिए. पात्रता साबित करने के लिए आवेदक को शपथ पत्र भी देना होगा.
जिला उद्योग केंद्र से मिलेगी जानकारी
योजना का लाभ लेने के इच्छुक लोग किसी भी कार्यदिवस में उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, बलिया कार्यालय से संपर्क कर आवेदन प्रक्रिया और अन्य जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. सरकार की इस पहल से उम्मीद है कि बलिया का मशहूर बाटी-चोखा न सिर्फ स्थानीय बाजार में मजबूत होगा, बल्कि देश-विदेश में भी अपनी अलग पहचान बना सकेगा.
यह भी पढ़ें:शिक्षिका की गोली मारकर हत्या, पति पर शक, दहेज का मामला
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Tilak Kumar
तिलक कुमार पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है. अमर उजाला, प्रभात खबर, जनसंदेश टाइम्स और राष्ट्रीय सहारा जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में क्राइम रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं. अपराध, राजनीति और हाइपरलोकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. मैदानी रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण और प्रभावशाली खबरों को पाठकों तक पहुंचाया है. जमीनी मुद्दों की गहरी समझ और तथ्यों पर आधारित रिपोर्टिंग उनकी पहचान रही है. वर्तमान में वह प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ जुड़े हुए हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन और रिपोर्टिंग कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










