ग्रेटर नोएडा की शिक्षिका की दिल्ली में गोली मारकर हत्या, पति पर आरोप, दहेज प्रताड़ना का मामला आया सामने

आरोपी पति के साथ पत्नी
UP News: दिल्ली के ईस्ट विनोद नगर में एक निजी स्कूल की शिक्षिका की बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी गई. शक उसके पति, दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल पर है. हत्या का कारण दहेज प्रताड़ना बताई जा रही है.
UP News: ग्रेटर नोएडा की रहने वाली एक शिक्षिका की दिल्ली में बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी गई. वारदात का आरोप उसके पति पर लगा है, जो दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी घटना के बाद से फरार है और उसकी तलाश में कई टीमें जुटी हुई हैं.
स्कूटी से जाते समय हुआ विवाद, पति पर गोली चलाने का आरोप
यह सनसनीखेज घटना सोमवार तड़के करीब तीन बजे दिल्ली के कल्याणपुरी थाना क्षेत्र के ईस्ट विनोद नगर इलाके की बताई जा रही है. पुलिस के अनुसार, हेड कांस्टेबल मनीष भाटी अपनी पत्नी प्रियंका भाटी के साथ स्कूटी से कहीं जा रहा था. आरोप है कि इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ. विवाद बढ़ने के बाद मनीष ने स्कूटी रोक दी और अपनी सर्विस पिस्टल से पत्नी प्रियंका के सीने में गोली मार दी. गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं.
राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
गोली लगने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया. आसपास मौजूद लोगों ने घायल प्रियंका को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाए और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
ग्रेटर नोएडा की रहने वाली थीं प्रियंका, निजी स्कूल में थीं शिक्षिका
मृतका प्रियंका भाटी मूल रूप से ग्रेटर नोएडा के सादोपुर गांव की रहने वाली थीं. वह दिल्ली के एक निजी स्कूल में शिक्षिका के रूप में कार्यरत थीं. प्रियंका की शादी 8 फरवरी 2023 को ग्रेटर नोएडा के सलेमपुर गांव निवासी मनीष भाटी से हुई थी. मनीष दिल्ली पुलिस के ईस्ट जिले की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात है.
पिता ने लगाया दहेज उत्पीड़न का आरोप
प्रियंका के पिता अजीत भाटी ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था. उनका कहना है कि ससुराल पक्ष की ओर से कार और नगदी की मांग की जाती थी. परिजनों के मुताबिक, शादी में करीब 15 लाख रुपये और घरेलू सामान दिया गया था. इसके बावजूद स्कॉर्पियो कार और 25 लाख रुपये नकद की मांग की जा रही थी.
महिला प्रकोष्ठ तक पहुंचा था मामला, समझौते के बाद लौटी थी ससुराल
परिजनों का कहना है कि दहेज उत्पीड़न का मामला पहले महिला प्रकोष्ठ तक भी पहुंचा था. वहां समझौता होने के बाद प्रियंका को दोबारा ससुराल भेजा गया था, लेकिन आरोप है कि इसके बाद भी प्रताड़ना जारी रही. प्रियंका के भाई नितिन ने भी आरोप लगाया कि उनकी बहन को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जा रहा था.
आरोपी की तलाश में छह टीमें गठित, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
दिल्ली पुलिस ने आरोपी हेड कांस्टेबल मनीष भाटी की गिरफ्तारी के लिए छह विशेष टीमें गठित की हैं. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वहीं, घटना के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है.
यह भी पढ़ें: राम मंदिर CEO नियुक्ति पर शंकराचार्य के सवाल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Tilak Kumar
तिलक कुमार पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है. अमर उजाला, प्रभात खबर, जनसंदेश टाइम्स और राष्ट्रीय सहारा जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में क्राइम रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं. अपराध, राजनीति और हाइपरलोकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. मैदानी रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण और प्रभावशाली खबरों को पाठकों तक पहुंचाया है. जमीनी मुद्दों की गहरी समझ और तथ्यों पर आधारित रिपोर्टिंग उनकी पहचान रही है. वर्तमान में वह प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ जुड़े हुए हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन और रिपोर्टिंग कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










