दो दारोगा पकड़े रहे युवक का हाथ, तीसरे ने जींस से निकाला तमंचा, आगरा पुलिस की कार्रवाई का अनोखा अंदाज! VIDEO वायरल
पुलिसकर्मी ने युवा से बरामद तमंचा दिखाया
UP News: आगरा में पुलिस की एक ऐसी कार्रवाई का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने सबको हैरान कर दिया है. तीन दरोगा एक युवक की जींस से तमंचा और कारतूस निकालते नजर आ रहे हैं. पुलिस के इस अनोखे अंदाज की खूब चर्चा हो रही है.
UP News: यूपी के आगरा में पुलिस की कार्रवाई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में तीन दरोगा एक युवक के साथ दिखाई दे रहे हैं. दो दरोगा युवक को पकड़े हुए हैं, जबकि तीसरा दरोगा उसकी जींस से तमंचा और कारतूस निकालता नजर आता है. बरामदगी का तरीका और पुलिसकर्मियों का अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है.
चेकिंग के दौरान पकड़ा गया था आरोपी
मामला एत्मादपुर थाना क्षेत्र का है. पुलिस ने दो दिन पहले मुखबिर की सूचना पर गांव वास वाला में प्राइमरी स्कूल के पास चेकिंग के दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया था. आरोपी की पहचान कस्बा सत्ता मोहल्ला निवासी दीपू उर्फ देवेश के रूप में हुई थी. पुलिस के मुताबिक, उसके पास से 315 बोर का एक तमंचा और दो कारतूस बरामद किए गए थे.
केस दर्ज कर आरोपी को भेजा गया जेल
पुलिस ने तमंचा और कारतूस बरामद होने के बाद आरोपी दीपू उर्फ देवेश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी. कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया. इस कार्रवाई के दो दिन बाद सोमवार को गिरफ्तारी और तमंचा बरामदगी से जुड़ा 26 सेकंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसके बाद पुलिस की कार्रवाई पर लोगों ने अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं.
वीडियो में दिखा फिल्मी अंदाज
वायरल वीडियो में दो दरोगा युवक के दोनों हाथ पकड़े हुए नजर आते हैं. इसी दौरान सामने से तीसरा दरोगा आता है और युवक की जींस से तमंचा निकालता दिखाई देता है. इसके बाद वह जींस की पीछे वाली जेब से दो कारतूस भी निकालता है. वीडियो में आसपास कुछ ग्रामीण भी खड़े दिखाई दे रहे हैं. इसी दृश्य को लेकर सोशल मीडिया पर लोग पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं.
एसीपी ने बताई पूरी घटना
मामले पर एसीपी देवेश कुमार सिंह ने बताया कि गांव वास वाला में मारपीट की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी. पुलिस को देखकर आरोपी युवक अपने घर में छिप गया था. पुलिसकर्मी उसे घर से पकड़कर बाहर लेकर आए. इस दौरान एक ग्रामीण ने पुलिस को बताया कि युवक के पास तमंचा है.
तलाशी के दौरान मिला तमंचा और कारतूस
एसीपी के मुताबिक, ग्रामीण की सूचना के बाद युवक की तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान एक दरोगा को उसके पास से एक तमंचा और दो कारतूस मिले. पुलिस कार्रवाई के दौरान घटना का वीडियो भी बनाया गया था. यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और इसमें दिख रहे पुलिसकर्मियों के अंदाज को लेकर लोग अलग-अलग तरह के कमेंट कर रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए