'कुत्ते को भी मिले टिकट तो दो वोट...' आजमगढ़ में सपा MLC लाल बिहारी यादव के बयान पर मचा बवाल, Video वायरल

Updated:
विज्ञापन

‘कुत्ते के गले में घंटी बांध दें, तब भी वोट देना’

UP Politics: समाजवादी पार्टी के एमएलसी लाल बिहारी यादव का एक बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव जिसे भी चुनाव में उतारें, कार्यकर्ता को उसी का समर्थन करना चाहिए, भले ही वह उम्मीदवार कोई भी हो.

विज्ञापन

UP Politics: आजमगढ़ में समाजवादी पार्टी के एमएलसी लाल बिहारी यादव का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सपा प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन और नेतृत्व के फैसले के साथ मजबूती से खड़े रहने की अपील की. इसी दौरान उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव जिसे भी चुनाव मैदान में भेजें, कार्यकर्ताओं को उसी उम्मीदवार का समर्थन करना चाहिए.

विज्ञापन

‘कुत्ते के गले में घंटी बांध दें, तब भी वोट देना’

अपने संबोधन के दौरान लाल बिहारी यादव ने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर अखिलेश यादव किसी कुत्ते के गले में घंटी बांधकर भी चुनाव मैदान में भेज दें तो उसे भी वोट देना है. उन्होंने कहा कि व्यक्ति की बात छोड़ देनी चाहिए, क्योंकि चुनाव में पार्टी और उसके फैसले को प्राथमिकता देना जरूरी है. लाल बिहारी के इस बयान के सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों और सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है.

बोले- व्यक्ति महान हो सकता है, लेकिन पार्टी सबसे महत्वपूर्ण

लाल बिहारी यादव ने कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत पसंद-नापसंद से ऊपर उठकर पार्टी के निर्णय का समर्थन करने की बात कही. उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति कितना भी महान क्यों न हो, संगठन के फैसले के साथ खड़ा होना जरूरी है. उनके मुताबिक, व्यक्ति से ज्यादा महत्वपूर्ण पार्टी है और पार्टी के प्रत्याशी की जीत में ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भलाई जुड़ी हुई है. उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को भी काफी महत्वपूर्ण बताया.

शिक्षक प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित था कार्यक्रम

यह बयान रविवार को गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी कमलेश यादव के समर्थन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दिया गया. आजमगढ़ के नेहरू हॉल में आयोजित बैठक में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे. इसका वीडियो सोमवार को सामने आने के बाद तेजी से वायरल हो गया. कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षक मतदाताओं के बीच सपा प्रत्याशी के समर्थन में माहौल तैयार करना बताया जा रहा है.

भाजपा पर शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप

सपा एमएलसी ने अपने संबोधन में भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और शिक्षकों को कमजोर करने में लगी है. उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था के प्रति सरकार पर्याप्त संवेदनशील नहीं है और गरीब तबके के लोगों के लिए शिक्षा तक पहुंच मुश्किल होती जा रही है. इस दौरान सपा नेताओं ने शिक्षकों के मुद्दों को राजनीतिक रूप से उठाने और उन्हें पार्टी से जोड़ने पर भी जोर दिया.

धर्मेंद्र यादव बोले- आजमगढ़ समाजवादियों का गढ़

कार्यक्रम में सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने आजमगढ़ को समाजवादियों का मजबूत गढ़ बताया और पार्टी नेताओं से शिक्षक मतदाताओं के बीच सक्रियता बढ़ाने की अपील की. उन्होंने कहा कि विधायक और पदाधिकारी अधिक से अधिक लोगों तक पार्टी का संदेश पहुंचाएं और प्रत्याशी के समर्थन में वोट जुटाएं. 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सपा अलग-अलग वर्गों तक अपनी पहुंच मजबूत करने में जुटी है. वहीं, लाल बिहारी यादव के वायरल बयान ने इस कार्यक्रम को राजनीतिक चर्चा के केंद्र में ला दिया है.

यह भी देखें: यूपी चुनाव 2027 से पहले सपा का सीटों वाला मास्टरप्लान तैयार, जानिए कांग्रेस के लिए रखी गई कितनी सीटें

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola