अमरोहा में बुर्के में काली मंदिर पहुंची रुखसार, मां के सामने जोड़े हाथ, फिर टेका माथा; श्रद्धालु रह गए हैरान
बुर्का पहनकर काली मंदिर पहुंची रुखसार.
अमरोहा के काली मां मंदिर में बुर्का पहनकर पहुंची एक महिला चर्चा का विषय बन गई है. महिला का नाम रुखसार बताया जा रहा है, जिसकी तबीयत में सुधार के बाद आस्था बढ़ी है.
UP News: अमरोहा के काली मां मंदिर में उस वक्त लोगों का ध्यान एक महिला पर टिक गया, जब वह बुर्का पहनकर मंदिर पहुंची. महिला ने मंदिर में दर्शन किए और पूजा-अर्चना की. बताया जा रहा है कि महिला का नाम रुखसार है. उसकी तबीयत में सुधार के बाद काली मां के प्रति उसकी आस्था बढ़ने की बात सामने आई है.
बुर्का पहनकर मंदिर पहुंची महिला
मामला डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव मढैया की रहने वाली रुखसार से जुड़ा बताया जा रहा है. वह अमरोहा शहर स्थित काली मां के मंदिर पहुंची थी. उसके साथ एक अन्य महिला भी मौजूद थी. दोनों बुर्का पहने हुए थीं. मंदिर परिसर में रुखसार ने काली मां के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की.
पूजा करते देख जुटने लगी भीड़
मंदिर में महिला को पूजा करते देख वहां मौजूद श्रद्धालुओं का ध्यान उसकी ओर गया. धीरे-धीरे लोगों की भीड़ जुटने लगी. इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो भी बना लिया. अब यही वीडियो इंटरनेट पर सामने आने के बाद मामले की चर्चा तेज हो गई है.
तबीयत में सुधार से बढ़ी आस्था
स्थानीय लोगों के मुताबिक, रुखसार पिछले कुछ समय से एक अलग तरह के आध्यात्मिक अनुभव की बात कह रही थी. इसी वजह से वह काली मां के मंदिर पहुंची. बताया जा रहा है कि पूजा-अर्चना के बाद उसे अपनी तबीयत और स्थिति में सुधार महसूस हुआ. इसके बाद काली मां के प्रति उसकी श्रद्धा और बढ़ गई.
व्यक्तिगत आस्था या ढकोसला?
इस घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. कुछ लोग इसे रुखसार की व्यक्तिगत आस्था और विश्वास से जोड़कर देख रहे हैं. वहीं, कुछ लोग इसे ढकोसला बता रहे हैं. फिलहाल मंदिर में बुर्का पहनकर महिला के पूजा करने का मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए