आगरा का लाल किला क्यों है खास? जानिए इसके रहस्य, इतिहास और अनसुने किस्से

आगरा का लाल किला
UP News: दीवारों के भी कान होते हैं, यह कहावत आगरा के लाल किले पर खरी उतरती है. मुगल काल की अनगिनत कहानियां और रहस्य समेटे यह किला आज भी अपनी भव्यता से पर्यटको को आकर्षित करता है. इस किले के निर्माण से लेकर शाहजहां के आखिरी दिनों और कोहिनूर हीरे तक के रोचक किस्सों को जानें.
UP News: दीवारों के भी कान होते हैं. यह कहावत आगरा के लाल किले पर बिल्कुल सटीक बैठती है. इस किले की हर दीवार अपने अंदर मुगल दौर की अनगिनत कहानियां और कई ऐसे रहस्य समेटे हुए है, जिनकी चर्चा आज भी होती है. उत्तर प्रदेश के आगरा में स्थित यह किला सिर्फ एक ऐतिहासिक इमारत नहीं...बल्कि मुगल शासन की ताकत, शाही जीवन और कई अहम घटनाओं का गवाह भी रहा है. हर साल लाखों लोग इसकी खूबसूरती और इतिहास को करीब से देखने के लिए यहां पहुंचते हैं.
अकबर ने क्यों बनवाया आगरा का लाल किला? जानिए इसकी ऐतिहासिक शुरुआत
इतिहासकारों का मानना हैं कि किले का निर्माण मुगल बादशाह अकबर ने करीब वर्ष 1565 में शुरू कराया था. इससे पहले यहां बादलगढ़ नाम का एक पुराना ईंटों का किला मौजूद था. अकबर ने इसे लाल बलुआ पत्थर से दोबारा बनवाया और इसे शाही राजधानी के साथ मजबूत सैन्य किले के रूप में तैयार कराया. हजारों कारीगरों ने कई वर्षों तक लगातार मेहनत करके इस भव्य किले का निर्माण किया. इसकी मजबूत दीवारें और विशाल दरवाजे आज भी उस दौर की शानदार कारीगरी की मिसाल माने जाते हैं.
शाहजहां की आखिरी सांसों का गवाह बना आगरा किला
आगरा किले का सबसे चर्चित किस्सा बादशाह शाहजहां से जुड़ा है. इतिहासकार बताते हैं कि सत्ता हासिल करने के बाद औरंगजेब ने अपने पिता शाहजहां को इसी किले के मुसम्मन बुर्ज में नजरबंद कर दिया था. कहा जाता है कि शाहजहां अपने आखिरी दिनों में यहीं से यमुना नदी के पार बने ताजमहल को देखा करते थे, जहां उनकी पत्नी मुमताज महल की कब्र है. यह घटना मुगल इतिहास की सबसे भावुक कहानियों में गिनी जाती है.
आगरा किले के गुप्त रास्तों का रहस्य, सुरंगों को लेकर आज भी बनी हुई हैं कई कहानियां
आगरा किले के गुप्त रास्तों की चर्चा भी आज तक होती है. इतिहासकार अनुराग पालीवाल के अनुसार किले के भीतर कई ऐसे गुप्त मार्ग बनाए गए थे, जिनका इस्तेमाल युद्ध या किसी आपात स्थिति में शाही परिवार और सैनिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए किया जाता था. माना जाता है कि कुछ रास्ते यमुना नदी की ओर जाते थे, जबकि कुछ भूमिगत सुरंगों के रूप में बनाए गए थे. हालांकि इन सभी रास्तों की पूरी जानकारी आज भी उपलब्ध नहीं है. यही वजह है कि इन्हें लेकर कई रहस्यमयी कहानियां लोगों के बीच प्रचलित हैं.
क्या कोहिनूर हीरा कभी आगरा किले में रखा जाता था? इतिहासकारों का बड़ा दावा
इतिहासकारों के मुताबिक दुनिया का मशहूर कोहिनूर हीरा भी एक समय मुगल शाही खजाने का हिस्सा था और उसे आगरा किले में सुरक्षित रखा जाता था. बाद में यह अलग-अलग शासकों के हाथों से गुजरते हुए भारत से बाहर चला गया. इस वजह से आगरा किला दुनिया के सबसे चर्चित हीरे के इतिहास का भी अहम गवाह माना जाता है.
जहांगीर की 'न्याय की जंजीर' का अनोखा किस्सा
आगरा किले से जुड़ा एक और दिलचस्प किस्सा सम्राट जहांगीर की न्याय व्यवस्था का है. कहा जाता है कि उन्होंने जनता को सीधे न्याय दिलाने के लिए एक सुनहरी जंजीर लगवाई थी. कोई भी व्यक्ति इस जंजीर को खींचकर अपनी शिकायत सीधे बादशाह तक पहुंचा सकता था. हालांकि इतिहासकार इसके स्थान और स्वरूप को लेकर अलग-अलग राय रखते हैं...लेकिन यह घटना आज भी काफी प्रसिद्ध है.
लाल पत्थर से संगमरमर तक... आगरा किले की वास्तुकला क्यों मानी जाती है बेमिसाल?
आगरा किले की वास्तुकला भी लोगों को आकर्षित करती है. अकबर ने लाल बलुआ पत्थर से कई शानदार महलों का निर्माण कराया...जबकि शाहजहां ने बाद में कई इमारतों को सफेद संगमरमर से बनवाया. दीवान-ए-खास, खास महल, शीश महल और मुसम्मन बुर्ज जैसी इमारतें आज भी मुगल वास्तुकला की शानदार पहचान मानी जाती हैं.
1857 की क्रांति के बाद कैसे बदल गई आगरा किले की तस्वीर?
इतिहासकार बताते हैं कि सन् 1857 की क्रांति के बाद आगरा किला अंग्रेजों के कब्जे में चला गया था. उस समय कई पुराने महलों और भवनों को सैन्य जरूरतों के लिए तोड़ दिया गया, जिससे किले की कई मूल संरचनाएं हमेशा के लिए नष्ट हो गईं. आज भी पूरा किला पर्यटकों के लिए खुला नहीं है और इसके कई हिस्सों से जुड़े रहस्य अब भी पूरी तरह सामने नहीं आ सके हैं.
यूनेस्को विश्व धरोहर बना आगरा किला, इतिहास और रहस्यों का सबसे बड़ा गवाह
आज आगरा का लाल किला यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल है और दुनिया भर के पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है. इतिहास, वास्तुकला और रहस्यमयी किस्सों का यह अनोखा संगम आज भी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. अगर आप इतिहास को करीब से महसूस करना चाहते हैं... तो आगरा का लाल किला ऐसी जगह है... जहां एक बार जरूर जाना चाहिए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











