UP के बलिया में साथी को स्टेशन छोड़कर निकला सिपाही अचानक लापता, सुबह गहरे गड्ढे में मिला शव, पास पड़ी थी बाइक
बलिया में साथी को स्टेशन छोड़कर निकला सिपाही अचानक लापता
2025 बैच के युवा सिपाही परितोष मिश्रा की मौत ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है. रविवार रात साथी को स्टेशन छोड़ने के बाद अचानक लापता हुए सिपाही का शव सोमवार सुबह पानी भरे गड्ढे में मिला.
UP Crime: बलिया में बांसडीह कोतवाली में तैनात युवा सिपाही की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. 2025 बैच के सिपाही परितोष मिश्रा का शव सोमवार सुबह बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के छाता रेलवे क्रासिंग के पास पानी भरे गहरे गड्ढे में मिला. शव के पास ही उनकी बाइक भी बरामद हुई. रविवार रात साथी सिपाही को रेलवे स्टेशन छोड़ने के बाद परितोष अचानक लापता हो गए थे. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
साथी को रेलवे स्टेशन छोड़ने गए थे परितोष
जानकारी के मुताबिक, प्रयागराज जिले के होलागढ़ थाना क्षेत्र निवासी परितोष मिश्रा बांसडीह कोतवाली में तैनात थे. रविवार शाम वह अपने साथी सिपाही शिवगोपाल पाल को बाइक से बलिया रेलवे स्टेशन छोड़ने गए थे. स्टेशन से लौटने के बाद उन्होंने बांसडीहरोड थाना क्षेत्र में तैनात दो-तीन साथी पुलिसकर्मियों के साथ छाता गांव के पास भोजन किया.
'मोबाइल ड्यूटी' कहकर निकले, फिर नहीं लौटे
भोजन के बाद परितोष ने साथियों से मोबाइल ड्यूटी पर जाने की बात कही और बाइक लेकर वहां से निकल गए. इसके बाद वह ड्यूटी पर नहीं पहुंचे. देर रात तक वापस नहीं लौटने पर साथी पुलिसकर्मियों को चिंता हुई. मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला. इसके बाद पुलिसकर्मियों ने रातभर आसपास के इलाकों में उनकी तलाश की.
सुबह गड्ढे में पड़ा मिला शव, पास में बाइक
सोमवार सुबह छाता रेलवे क्रासिंग के पास पानी भरे गहरे गड्ढे में परितोष का शव दिखाई दिया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला. गड्ढे के पास उनकी बाइक भी मिली. शुरुआती आशंका है कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में चली गई होगी और सिपाही बाइक समेत पानी में गिर गए होंगे.
हादसा या कुछ और? हर पहलू पर जांच
हालांकि पुलिस ने फिलहाल इसे केवल हादसा मानकर जांच सीमित नहीं की है. घटना के सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. साथ में भोजन करने वाले पुलिसकर्मियों से भी पूछताछ कर उस रात की पूरी गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है.
एसपी ओमवीर सिंह ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी ओमवीर सिंह समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए. परितोष के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है. मौके पर एएसपी दिनेश शुक्ल, सीओ बांसडीह जयशंकर मिश्र और बांसडीह कोतवाल राकेश सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए