बाराबंकी में चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर हमला: बरसे जूते-पत्थर, 7-8 गाड़ियां क्षतिग्रस्त, MP बोले- पुलिस के सामने हुआ हमला
बाराबंकी में चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर हमला
UP Crime: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में रविवार को आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर जूते-पत्थर फेंके जाने का गंभीर आरोप लगा है. इस घटना में कई कार्यकर्ताओं के घायल होने और वाहनों के क्षतिग्रस्त होने का दावा किया गया है.
UP Crime: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में रविवार को नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के काफिले को लेकर हंगामा हो गया. चंद्रशेखर आजाद का आरोप है कि रामनगर थाना क्षेत्र के बुढ़वल चौराहे के पास उनके काफिले पर जूते और पत्थर फेंके गए. उन्होंने 13 से 14 लोगों के घायल होने और 7 से 8 वाहनों के क्षतिग्रस्त होने का दावा किया है.
गोंडा जाते वक्त बुढ़वल में रोका गया काफिला
जानकारी के मुताबिक चंद्रशेखर आजाद गोंडा जा रहे थे. उन्हें वहां विनोद कुमार साहनी और रमेश कोरी के परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना देनी थी. बुढ़वल चौराहे के पास पुलिस ने उनके काफिले को रोककर दूसरे रास्ते से जाने के लिए कहा. इसी दौरान विवाद की स्थिति पैदा हुई.
तख्तियां लेकर खड़े थे लोग, फिर शुरू हुआ विवाद
चंद्रशेखर आजाद के मुताबिक, चौराहे पर कुछ लोग तख्तियां लेकर खड़े थे और उनके हाथों में पत्थर थे. उनका आरोप है कि इसी दौरान उनके काफिले पर जूते और पत्थर फेंके गए. घटना में काफिले में शामिल एक वाहन का शीशा टूट गया. उन्होंने कई अन्य वाहनों को भी नुकसान पहुंचने का दावा किया है.
कार्यकर्ताओं के घायल होने का दावा
चंद्रशेखर आजाद ने दावा किया कि हमले में कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं. एक कार्यकर्ता की आंख में चोट लगने की बात भी कही गई है. घटना के बाद चंद्रशेखर अपने समर्थकों के साथ बाराबंकी एसपी कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले में कार्रवाई की मांग की.
पुलिस को दी दो तहरीर
मामले में चंद्रशेखर आजाद की ओर से एक और उनके कार्यकर्ता सनी की ओर से दूसरी तहरीर दिए जाने की जानकारी सामने आई है. चंद्रशेखर का आरोप है कि हमला पुलिस की मौजूदगी में हुआ. उन्होंने पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
‘कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन’
चंद्रशेखर आजाद ने कहा है कि यदि सोमवार तक मामले में कार्रवाई नहीं होती है तो मंगलवार से पूरे प्रदेश में आंदोलन किया जाएगा. घटना के बाद उनका गोंडा दौरा भी प्रभावित हुआ और वह वहां नहीं जा सके.
पुलिस के आधिकारिक बयान का इंतजार
फिलहाल घटना को लेकर चंद्रशेखर आजाद की ओर से लगाए गए आरोप सामने आए हैं. पुलिस की ओर से हमले, घायलों और वाहनों को हुए नुकसान को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार है. ऐसे में पूरे मामले की तस्वीर पुलिस जांच और कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट होगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए