'लाश से नोचे कुंडल, पैरों से बिछुए', आगरा में प्रॉपर्टी डीलर ने पार की हैवानियत की हदें, पत्नी का गला रेत बच्चों को ले उड़ा

Updated:
विज्ञापन

आगरा में प्रॉपर्टी डीलर ने पत्नी को दी खौफनाक मौत

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

आगरा में एक प्रॉपर्टी डीलर ने अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी. लोहे के पाइप और चाकू से वार कर उसका गला रेत दिया. हत्या के बाद भी दरिंदगी जारी रही, उसने मृतका के कानों से कुंडल, पैरों से बिछुए और हाथों से चूड़ियां नोच लीं.

विज्ञापन

Agra Murder News: उत्तर प्रदेश के आगरा में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक प्रॉपर्टी डीलर ने अपनी ही पत्नी की बड़ी बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपी ने पहले लोहे के पाइप से पत्नी के सिर पर वार किया. खून से लथपथ होकर जब वह गिर पड़ी तो चाकू से उसका गला काट दिया. हत्या के बाद भी आरोपी की दरिंदगी नहीं रुकी. उसने मृतका के कानों से कुंडल, पैरों से बिछुए और हाथों से चूड़ियां नोच लीं और अपने दो बच्चों को लेकर फरार हो गया.

विज्ञापन

घर में खून से लथपथ मिला महिला का शव

मामला एत्मादपुर के गांव पीलीपोखर का है. यहां प्रॉपर्टी डीलर विवेक सिकरवार ने सोमवार रात अपनी पत्नी किरन (30) की हत्या कर दी. मंगलवार दोपहर तक घर से कोई बाहर नहीं निकला तो पड़ोसियों को शक हुआ. इसके बाद पड़ोसी बरामदे में पहुंचे, जहां किरन का खून से लथपथ शव पड़ा मिला. पड़ोसियों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी.

आठ साल पहले हुई थी शादी, दो बेटे हैं

जानकारी के मुताबिक, चावली निवासी किसान विजेंद्र सिंह की बेटी किरन की शादी करीब 8 साल पहले राजकुमार सिकरवार के बेटे विवेक से हुई थी. दोनों के दो बेटे हैं. बड़ा बेटा लक्ष्य 6 साल का है, जबकि छोटा बेटा मुन्नू 4 साल का है. विवेक अपनी पत्नी और दोनों बच्चों के साथ माता-पिता से अलग मकान में रहता था.

एक महीने से अकेली रह रही थी किरन

मृतका के भाई ललित ने बताया कि किरन उनकी इकलौती बहन थी. पिता ने दो बीघा खेत बेचकर उसकी शादी की थी. भाई के मुताबिक, करीब एक महीने पहले विवेक ने किरन की पिटाई की थी, जिसकी शिकायत खंदौली थाने में की गई थी. इसके बाद विवेक घर से भाग गया था. तब से किरन अपने दोनों बच्चों के साथ अकेली रह रही थी. सोमवार देर रात विवेक घर लौटा और इस वारदात को अंजाम दे दिया.

15-15 दिन तक पत्नी को खाना नहीं देता था, भाई का आरोप

भाई ललित का आरोप है कि विवेक मायके पक्ष के लोगों को पसंद नहीं करता था. इसी वजह से रक्षाबंधन पर भी ललित अपनी बहन से राखी बंधवाने नहीं जा सका. आरोप है कि विवेक कई बार किरन को 15-15 दिन तक खाना तक नहीं देता था. ऐसे में एक होटल से उसके खाने की व्यवस्था करनी पड़ती थी. इसका पता चलने पर वह किरन को और पीटता था. ललित के मुताबिक, विवेक मकान बनवाने के लिए लगातार किरन पर मायके से रुपये लाने का दबाव बना रहा था.

घर में टूटा टीनशेड मिला, जेवर खींचने के निशान

पुलिस को घटनास्थल से लोहे के दो पाइप और टूटा हुआ टीनशेड मिला है. मामले की जांच के लिए फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाया गया. किरन के कानों पर कुंडल खींचने के निशान साफ दिखाई दे रहे हैं. घर में सामान भी बिखरा पड़ा था. इससे आशंका जताई जा रही है कि किरन ने खुद को बचाने के लिए काफी संघर्ष किया था.

छह लोगों के खिलाफ तहरीर, आरोपी की तलाश में दो टीमें

मृतका के भाई ललित ने थाना खंदौली में तहरीर दी है. इसमें पति विवेक, ससुर राजकुमार, जेठ भानू, भाभी नीतू, सास और एक अन्य व्यक्ति यश प्रधान को नामजद किया गया है. एसीपी एत्मादपुर देवेश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. आरोपी की तलाश में पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं.

Must Read- दीपावली के बाद दिल्ली लौटने वालों को रेलवे का बड़ा तोहफा! लखनऊ से चलेंगी नई स्पेशल ट्रेनें, जानें कब से मिलेगी कंफर्म टिकट

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola