UP News: 50 हजार करोड़ से ज्यादा का हो सकता है अनुपूरक बजट, इन परियोजनाओं के लिए धन जुटाएगी योगी सरकार

अनुपूरक बजट में ग्रेटर नोएडा फिल्म सिटी, जेवर एयरपोर्ट, कानपुर समेत सभी मेट्रो परियोजनाओं, सिंचाई विभाग और कल्याणकारी विभागों के लिए अतिरिक्त राशि की व्यवस्था होगी. निकाय चुनाव के मद्देनजर भी अनुपूरक बजट में घोषणाएं हो सकती हैं.
Lucknow: योगी आदित्यनाथ सरकार विधानमंडल के शीतकालीन सत्र के पहले दिन वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए दोनों सदनों में अनुपूरक बजट पेश करेगी. विधानमंडल का शीतकालीन सत्र सोमवार से शुरू होगा. सूत्रों के मुताबिक इसमें सरकार 50 हजार करोड़ से ज्यादा के अनुपूरक बजट का प्रस्ताव पेश कर सकती है. इसके लिए वित्त विभाग के अधिकारी जुटे हुए हैं.
अनुपूरक बजट में ग्रेटर नोएडा फिल्म सिटी, जेवर एयरपोर्ट, कानपुर समेत सभी मेट्रो परियोजनाओं, सिंचाई विभाग और कल्याणकारी विभागों के लिए अतिरिक्त राशि की व्यवस्था होगी. निकाय चुनाव के मद्देनजर भी अनुपूरक बजट में घोषणाएं हो सकती हैं. तीन दिनों के इस संक्षिप्त सत्र के दौरान सरकार कुछ विधेयक भी पास करा सकती है.
विधानमंडल के शीतकालीन सत्र के पहले दिन पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी जाएगी. इसके बाद अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा. अनुपूरक बजट में योगी सरकार अगले वर्ष फरवरी में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के आयोजन की तैयारियों के लिए धनराशि की व्यवस्था करेगी.
शीतकालीन सत्र से पूर्व आज विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई. बैठक में नेता सदन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नेता विपक्ष अखिलेश यादव शामिल नहीं हुए. संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने सत्ता पक्ष की ओर से अपनी बात रखी. वहीं अखिलेश यादव की जगह सपा से मनोज पांडेय बैठक में शामिल हुए.
इसके अलावा कांग्रेस से आराधना मिश्रा, बसपा से उमाशंकर सिंह, राजा भैया और ओमप्रकाश राजभर भी बैठक में मौजूद रहे. इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने सभी दलों से सदन के सुचारू संचालन में सहयोग की अपील की. इससे पहले विधानमंडल का मानसून सत्र 19 से 23 सितंबर तक चला था.
Also Read: UP By-Election: उपचुनाव का प्रचार थमने के बाद रवाना हुई पोलिंग पार्टियां, सोमवार सुबह होगा मतदान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में 16 नवंबर को हुई कैबिनेट बैठक में विधानमंडल का शीतकालीन सत्र पांच दिसंबर से शुरू करने के प्रस्ताव को हरी झंडी दी गई थी. योगी सरकार ने वर्तमान वित्तीय वर्ष के लिए 6,15,518.97 करोड़ रुपये का बजट बीती 29 मई को पेश किया था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




