प्रियंका गांधी यूपी के मैदान में फिर उतरेंगी, हाथ से हाथ जोड़ो अभियान का करेंगी नेतृत्व
Published by : Amit Yadav Updated At : 11 Jan 2023 6:59 PM
यूपी कांग्रेस का हाथ से हाथ जोड़ो अभियान 26 जनवरी से शुरू होगा. इसका उद्देश्य भारत जोड़ो यात्रा के उद्देश्य को हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत गांव-गांव तक ले जाना है. जनता से मुलाकात करके भारत जोड़ो यात्रा के मूल संदेश के साथ राहुल गांधी का एक पत्र भी सौंपा जाएगा.
Lucknow: यूपी में कांग्रेस को मजबूत करने के लिये प्रियंका गांधी एक बार फिर मैदान में उतरने जा रही हैं. उनकी दूसरी पारी कांग्रेस के महत्वाकांक्षी हाथ से हाथ जोड़ो अभियान से 26 जनवरी से शुरू होगी. यह अभियान तीन चरणों में चलाया जाएगा. प्रथम चरण में गांवों और ब्लाक स्तर, द्वितीय चरण में जिला स्तर और तृतीय चरण में राज्य स्तर पर यह अभियान चलेगा. कांग्रेस नेताओं का दावा है कि यह जन संवाद कार्यक्रम भारत जोड़ो यात्रा की शानदार सफलता का विस्तार होगा.
हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की तैयारी बैठक में बुधवार को उप्र कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता पंकज तिवारी ने बताया कि 26 जनवरी 2023 से हाथ से हाथ जोड़ो अभियान शुरू होगा. इस अभियान में पदयात्रा के माध्यम गांव-गांव जाकर डोर टू डोर संपर्क किया जाएगा. इस दौरान जनता से मुलाकात करके भारत जोड़ो यात्रा के मूल संदेश के साथ राहुल गांधी का एक पत्र भी सौंपा जाएगा. राज्य स्तर के वरिष्ठ नेताओं सांसद, पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद आदि को हर जिले के पर्यवेक्षक के रूप नियुक्त किया जाएगा. जिला कांग्रेस कमेटी वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, पूर्व विधायक, पूर्व जिलाध्यक्ष को हर ब्लॉक के पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त करेगी.
Also Read: Gorakhpur Mahotsav 2023 : गोरखपुर महोत्सव का हुआ आगाज
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पूर्व सांसद बृजलाल खाबरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राहुल गांधी की छवि को धूमिल करने के लिए करोड़ों रुपये खर्चकर रही है. लेकिन भारत जोड़ो यात्रा ने उनके मंसूबे पर पानी फेर दिया है. जिस प्रकार देश की जनता ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को समर्थन दिया है, वह इस बात का प्रमाण है कि देश की जनता भाजपा की जनविरोधी नीतियों से परेशान है और बदलाव चाहती है. भारत जोड़ो यात्रा के उद्देश्य को हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत गांव-गांव तक ले जाना है.
हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की तैयारियों की बैठक में पूर्व मंत्री मीडिया चेयरमैन नसीमुद्दीन सिद्दीकी, नकुल दुबे, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रशासन प्रभारी दिनेश सिंह, संगठन सचिव अनिल यादव, मीडिया संयोजक अशोक सिंह, प्रदेश प्रवक्ता कृष्णकांत पाण्डेय, पंकज तिवारी, डॉ. उमा शंकर पाण्डेय, संजय सिंह, सचिन रावत, विशाल सिंह राजपूत, प्रदीप सिंह, आसिफ रिजवी रिंकू, रफत फातिमा, शुचि विश्वास, प्रियंका गुप्ता, आशीष दीक्षित, पवन दीक्षित ( गाजियाबाद) अनिल र्श्मा (आगरा), हम्माम वहीद, डॉ. सुधा मिश्रा, ओमकार नाथ सिंह, मंडल प्रवक्ता कुलभूषण त्रिपाठी (बरेली), मोहम्मद शहाब (इलाहाबाद), आशुतोष द्विवेदी (आजम़गढ़) मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










