कुख्यात अपराधी पुलिस मुठभेड़ में घायल, दो साथी भी पकड़े गये
मुठभेड़ में घायल आरोपी.
संबलपुर जिले में पुलिस मुठभेड़ के दौरान 24 से ज़्यादा आपराधिक मामलों के आरोपी मो. इरफान को गोली लगी है. उसके दो साथियों को भी गिरफ्तार किया गया है. घटना का विस्तृत विवरण पढ़ें.
संबलपुर : संबलपुर जिले में रविवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में एक कुख्यात अपराधी घायल हो गया. आरोपी पर 24 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं. घटना सुबह करीब 5:45 बजे सदर थाना क्षेत्र के कैनाल रोड स्थित सुदुंगा जंगल के पास हुई.
मो इरफान के बायें पैर में लगी गोली, बुर्ला में कराया गया भर्ती
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान सुनापाली निवासी मो इरफान के रूप में हुई है, जो अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहा था. सदर पुलिस ने चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल को रोकने की कोशिश की. दो आरोपियों को पकड़ लिया गया, जबकि इरफान भागने लगा. भागते हुए उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित फायरिंग की, जिसमें इरफान के बाएं पैर में गोली लगी. पुलिस ने बताया कि इरफान ने तीन राउंड फायर किये, जबकि पुलिस ने दो राउंड जवाबी फायरिंग की.
बाइक, पिस्तौल, गोला-बारूद और तीन खाली कारतूस बरामद
मौके से एक पिस्तौल, गोला-बारूद और तीन खाली कारतूस बरामद हुए हैं. आरोपियों की मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गयी है. घायल आरोपी को तुरंत वीर सुरेंद्र साय आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान (विमसार), बुर्ला में भर्ती कराया गया है. पुलिस के मुताबिक इरफान डकैती, लूट, एल्यूमीनियम तार की चोरी, सेंधमारी और मादक पदार्थों की तस्करी समेत 24 से अधिक मामलों में शामिल रहा है. मामले की जांच जारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए