1.26 करोड़ की ठगी में आरोपी दंपती बारीपदा से गिरफ्तार
गिरफ्तार दंपती.
सुंदरगढ़ पुलिस ने आकर्षक रिटर्न का वादा कर 1.26 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले दंपती को बारीपदा से गिरफ्तार किया है। मामले की जांच जारी है।
राउरकेला : सुंदरगढ़ पुलिस की साइबर क्राइम एंड इकोनॉमिक ऑफेंस विंग ने लगभग 1.26 करोड़ के ठगी के आरोप में एक दंपती को बारीपदा से गिरफ्तार किया है. आकर्षक रिटर्न का वादा कर यह रकम शिकायतकर्ता समेत कई अन्य लोगों से इकट्ठा की गयी थी. भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(2), 318(4) और 3(5) के तहत साइबर क्राइम और इकोनॉमिक ऑफेंस पुलिस स्टेशन में केस नंबर 05 (तारीख 17 अप्रैल, 2026) दर्ज किया गया था.
पुलिस ने क्या बताया
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने शिकायतकर्ता सहित अन्य लोगों को ज्यादा ब्याज और आकर्षक रिटर्न का भरोसा दिलाकर ''माई डिजिटल लॉकर सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, भुवनेश्वर’ में पैसे निवेश करने के लिए मनाया था. अगस्त 2024 के दौरान, आरोपी इंदुलेखा ओझा (जो कंपनी की मैनेजिंग डायरेक्टर और मालिक बतायी जाती हैं) अपने पति अविनाश ग्रहाचार्य के साथ शिकायतकर्ता के घर गयीं और उन्हें पैसे निवेश करने के लिए मनाया था. भरोसे में आकर, शिकायतकर्ता और उनकी पत्नी ने कई यूपीआइ और नेट-बैंकिंग ट्रांजेक्शन के जरिये 77.86 लाख जमा किये थे. पुलिस के मुताबिक, इसी तरह अन्य लोगों से 45.60 लाख रुपये और इकट्ठा किये गये, जिससे कुल रकम लगभग 1,26,43,000 हो गयी थी. जब शिकायतकर्ता ने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी पैसे लौटाने में नाकाम रहे और कोई जवाब नहीं दिया.
पुलिस ने गवाहों से की पूछताछ
जांच के दौरान, पुलिस ने शिकायतकर्ता और अन्य गवाहों से पूछताछ की और निवेश से जुड़े दस्तावेज, ट्रांजेक्शन की जानकारी और अन्य जरूरी दस्तावेज इकट्ठा किया. जांच में मिले शुरुआती सबूतों के आधार पर, पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से 12 सितंबर की रात करीब 11 बजे मयूरभंज जिले के बारीपदा से अविनाश ग्रहाचार्य (42) और उनकी पत्नी इंदुलेखा ओझा (40) को पकड लिया. दोनों बालेश्वर जिले के बेरहामपुर के रहने वाले हैं. 13 सितंबर को आधिकारिक रूप से दोनों को गिरफ्तार किया गया.
बैंक दस्तावेज और कार्ड जब्त
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से कई दस्तावेज जब्त किये गये और वित्तीय स्रोत का पता चला. इनमें बैंक पासबुक और चेकबुक, पहचान और वित्तीय दस्तावेज, डेबिट, क्रेडिट और स्मार्ट कार्ड, अलग-अलग लोगों को जारी किये गये इस्तेमाल हो चुके चेक और ‘शाइन द वेब’ की मनी रसीद बुक शामिल थीं. पुलिस ने ए1एस2पी फिनटेक प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े पैन कार्ड और चेकबुक भी जब्त किये. जब्त दस्तावेजों की जांच की जा रही है, ताकि कथित मनी ट्रेल, वित्तीय लेन-देन और आरोपियों की भूमिका का पता लगाया जा सके. सुंदरगढ़ के डीएचएच में मेडिकल जांच के बाद आरोपियों को सुंदरगढ़ एसडीजेएम की अदालत में पेश किया गया. पीड़ितों की सही संख्या का पता लगाने, जमा की गयी कुल रकम की पुष्टि करने, मनी ट्रेल का पता लगाने, अन्य लोगों की संलिप्तता की पहचान करने और कथित तौर पर ठगी गयी रकम को बरामद करने के लिए आगे की जांच जारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए