Rourkela News: रेलवे कैरेज एंड वैगन विभाग के आरओएच सेक्शन में लगी आग, कर्मचारियों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टला

Rourkela News: बंडामुंडा में रेलवे कैरेज एंड वैगन विभाग के आरओएच सेक्शन में एक बैग से धुआं निकलता दिखा. इससे अफरा-तफरी मच गयी.
Rourkela News: बंडामुंडा स्थित रेलवे कैरेज एंड वैगन विभाग के आरओएच सेक्शन के किनारे रखे साइड फ्रेम की से भरे एक बैग से शुक्रवार रात करीब आठ बजे धुआं उठता दिखा. इससे कुछ समय के लिए यहां अफरा-तफरी का माहौल रहा. ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत इसकी जानकारी विभागीय अधिकारियों को दी.
किसी प्रकार की क्षति होने की सूचना नहीं, विभाग ने शुरू की जांच
कर्मचारियों ने बिना देर किये प्रयास शुरू किया और आग भड़कने से पहले ही खतरा टल गया. कर्मचारियों की इस सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से विभाग में किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका टल गयी. घटना की सूचना मिलते ही राउरकेला अग्निशमन विभाग की टीम रात 8:30 बजे मौके पर पहुंची. तब तक कर्मचारियों ने धुएं पर काफी हद तक काबू पा लिया था, फिर भी एहतियातन फायर ब्रिगेड कर्मियों ने पूरे बैग और आसपास के क्षेत्र में पानी का छिड़काव कर धुआं को पूरी तरह बुझा दिया. प्राथमिक जांच में धुआं उठने के कारणों का पता नहीं चल सका है. विभागीय स्तर पर इस बात की जांच की जा रही है कि साइड फ्रेम से भरे बैग में धुआं उठने की स्थिति कैसे बनी. फिलहाल स्थिति सामान्य है और किसी प्रकार की क्षति होने की सूचना नहीं है.
बणई : बीच सड़क हाइवा में लगी आग, अगला हिस्सा जलकर खाक
बणई अनुमंडल के टिकायतपाली थाना अंतर्गत टिकायतपाली स्टेट बैंक के पास चलते हाइवा में आग लग गयी. किसी तरह ट्रक ड्राइवर निकलने में सफल रहा. देखते ही देखते आग बेकाबू हो गयी. जिसकी सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग को काबू किया. जानकारी के मुताबिक, नरेंद्र की ओर से एक हाइवा बारकोट की ओर जा रहा था. तभी नेशनल हाइवे नंबर-143 पर टिकायतपाली गांव के पास स्टेट बैंक के सामने गाड़ी से धुआं निकलने लगा. ड्राइवर ने गाड़ी को सड़क किनारे रोक दिया और नीचे उतर गया. जिसके बाद गाड़ी में आग लग गयी. सड़क पर मौजूद लोगों ने फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी. पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाई. लेकिन तब तक गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह जल चुका था. आशंका है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से गाड़ी में आग लगी होगी.
बालेश्वर जिला मुख्यालय अस्पताल में लगी आग, बड़ी दुर्घटना टली
बालेश्वर जिला मुख्यालय अस्पताल में शनिवार को हाउसकीपिंग रूम में अचानक आग लगने से मरीजों और अस्पताल कर्मियों में अफरा-तफरी मच गयी. आग लगने का कारण प्रारंभिक रूप से शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है. फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से आग पर जल्द काबू पा लिया गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कमरे से धुआं उठता देख स्थानीय लोगों और अस्पताल स्टाफ ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी. सूचना मिलते ही दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग को फैलने से रोकने में सफल रही. हाउसकीपिंग रूम में फिनाइल, कपड़े और अन्य अस्पताल सामग्री का भंडार रखा गया था, जो आग में क्षतिग्रस्त हो गया. हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने या किसी जनहानि की खबर नहीं है. अस्पताल प्रशासन ने आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच के लिए एक आंतरिक पहल शुरू कर दी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




