पुणे: राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले बवाल, ABVP-NSUI भिड़े, 50-60 कार्यकर्ताओं पर केस
पुणे में COEP टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल गेट के बाहर जमा ABVP सदस्य, फोटो-एएनआई
पुणे में राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम से पहले ABVP और NSUI के छात्र संगठनों में बवाल हो गया. सीओईपी टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल के बाहर हुई इस झड़प के बाद पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज किया है.
पुणे में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम से पहले ABVP-NSUI छात्र संगठनों के बीच बवाल हो गया. सीओईपी टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल के बाहर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) से जुड़े लोगों के बीच झड़प हो गई. इसके बाद पुलिस ने बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात कर दिए और मामले में 50 से 60 युवा कांग्रेस और NSUI से जुड़े कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किया है.
हॉस्टल के बाहर कैसे शुरू हुआ विवाद?
राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले शुक्रवार को सीओईपी हॉस्टल गेट के बाहर ABVP कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ नारेबाजी की. इस दौरान सड़क जाम करने की कोशिश भी की गई. इसके बाद ABVP और NSUI से जुड़े लोगों के बीच तनाव बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. पुलिस को मौके पर बुलाया गया और झड़प के दौरान कई लोगों को हिरासत में लिया गया.
पुणे के डीसीपी हसन गौहर ने बताया कि पुलिस को दो गुटों के बीच झड़प की सूचना मिली थी. मौके पर कुछ लोग नारेबाजी कर रहे थे और सड़क रोकने की कोशिश कर रहे थे, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया.
50 से 60 कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR
न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक पुणे पुलिस ने बताया कि शिवाजीनगर स्थित सीओईपी टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में एक ABVP छात्र पर कथित हमले को लेकर मामला दर्ज किया गया है. केस 21 साल के छात्र मल्हार नीलेश पाटिल की शिकायत पर दर्ज हुआ. शिकायत में छह लोगों के नाम लिए गए हैं, जबकि करीब 50 से 60 अन्य लोगों को NSUI और युवा कांग्रेस से जुड़ा बताया गया है.
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.
- धारा 115(2)- शारीरिक चोट पहुंचाना
- 189(1)- गैरकानूनी सभा
- 351(1)- आपराधिक धमकी और
- महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज किया है.
ABVP छात्रों ने क्या आरोप लगाया?
शिकायत के मुताबिक शुक्रवार को सीओईपी हॉस्टल में एक छात्र का वीडियो बयान कथित तौर पर दबाव में लिया गया था. इसके बाद पाटिल अन्य ABVP सदस्यों के साथ मामले की जानकारी लेने और बातचीत करने हॉस्टल पहुंचे. पाटिल का आरोप है कि वहां उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई. शिकायत में पुष्कर आवनावे, भूषण रणभिरे, अक्षय जैन, सौरभ अमराले, सागर धडवे और प्रथमेश आवनावे समेत कई लोगों के नाम लिए गए हैं.
यूथ कांग्रेस ने ABVP पर लगाए आरोप
दूसरी तरफ महाराष्ट्र यूथ कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर ABVP पर गंभीर आरोप लगाए. संगठन ने दावा किया कि ABVP कार्यकर्ता शहर के कॉलेजों और हॉस्टलों में महिलाओं को परेशान कर रहे हैं. यूथ कांग्रेस ने कहा कि उसके कार्यकर्ता ऐसे लोगों का मुकाबला करने के लिए तैयार हैं. इस बयान के बाद दोनों छात्र संगठनों के बीच आरोप-प्रत्यारोप और तेज हो गया.
राहुल गांधी का आज पुणे में कार्यक्रम
इस विवाद के बीच राहुल गांधी का छात्रों की गूंज कार्यक्रम आज (22 अगस्त) को पुणे के AISSMS कॉलेज ग्राउंड में होने वाला है. कार्यक्रम का मुख्य फोकस महिलाओं के अनुभवों, उनकी समस्याओं और सामाजिक चुनौतियों पर चर्चा करना है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए