WATCH VIDEO: कुत्तों को बोरे में भरकर नगर पंचायत अधिकारी के ऑफिस पहुंचे लोग, टेबल पर दिए उड़ेल
महाराष्ट्र के नाशिक जिले के निफाड में आवारा कुत्तों से लोग परेशान. फोटो- X
आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या से परेशान निफाड के नागरिकों ने नगर पंचायत के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. लोगों ने बोरे में कुत्ते भरकर अधिकारी के कार्यालय पहुंचा दिए.
महाराष्ट्र के नाशिक जिले के निफाड में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या से परेशान नागरिकों ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाया. कुछ लोग बोरे में आवारा कुत्तों को भरकर निफाड नगर पंचायत के मुख्य अधिकारी धीरज भामरे के कार्यालय पहुंच गए. यहां प्रदर्शनकारियों ने बोरे में बंद कुत्तों को अधिकारी की टेबल पर ही निकालकर उड़ेल दिया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है.
युवा सेना के जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में हुआ प्रदर्शन
यह आक्रामक विरोध प्रदर्शन नाशिक युवा सेना के जिलाध्यक्ष विक्रम रंधावे के नेतृत्व में किया गया. प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि निफाड शहर और आसपास के इलाकों में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन प्रशासन की ओर से समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं.
बच्चों और बुजुर्गों के लिए बढ़ी परेशानी
नागरिकों का कहना है कि आवारा कुत्तों के झुंड के कारण बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. वाहन चालकों को भी सड़क पर अचानक कुत्तों के आ जाने से दिक्कत होती है. प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, कई नागरिकों को आवारा कुत्ते काट भी चुके हैं.
बार-बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप
प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर नगर पंचायत प्रशासन को कई बार शिकायतें और लिखित आवेदन दिए गए. इसके बावजूद अब तक समस्या के समाधान के लिए ठोस कार्रवाई नहीं की गई. इसी नाराजगी के चलते नागरिकों ने नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर इस तरह का विरोध प्रदर्शन किया.
प्रशासन से समस्या के स्थायी समाधान की मांग
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से निफाड शहर और आसपास के क्षेत्रों में आवारा कुत्तों की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की. उनका कहना है कि नागरिकों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन को शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और वाहन चालकों को परेशानी से राहत मिल सके.
ये भी पढ़ें: राजस्थान में आज 19 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 60 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; जाने अपने शहर का हाल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए