ePaper

ज्योति हत्याकांड का खुलासा सोमवार को, मर्डर की साजिश रचने वाला पति और 4 शूटर गिरफ्तार

Updated at : 31 Mar 2024 11:24 PM (IST)
विज्ञापन
jyoti agrawal murder case

ज्योति अग्रवाल. फाइल फोटो

ज्योति हत्याकांड का खुलासा पुलिस सोमवार को करेगी. लेकिन, मर्डर की साजिश रचने वाले पति और 4 शूटर्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पति ने ही उसकी हत्या कराई थी.

विज्ञापन

जमशेदपुर के सोनारी आस्था हाई टेक सिटी की ज्योति अग्रवाल उर्फ स्वीटी की हत्या के लिए उसके पति सह प्लाई कारोबारी रवि अग्रवाल ने 24 लाख रुपये की सुपारी दी थी. पहली सुपारी उसने 8 लाख रुपये में दी थी, लेकिन काम नहीं होने पर सात लाख रुपये शूटर से वापस ले लिया. फिर दूसरी बार 16 लाख रुपये पर हत्या की सुपारी का सौदा हुआ.

रवि अग्रवाल ने स्वीकार किया- उसने ही कराई ज्योति की हत्या

रवि अग्रवाल ने स्वीकार किया कि उसी ने पत्नी ज्योति अग्रवाल की हत्या करायी है. इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर उसके पूर्व चालक मुकेश मिश्रा को गिरफ्तार किया. मुकेश मिश्रा की निशानदेही पर पुलिस ने 4 शूटर्स को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार युवकों के पास से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार, बाइक भी बरामद कर लिया है.

  • पूर्व चालक के साथ मिलकर रची थी पत्नी की हत्या की योजना
  • रवि ने चार बार किया पत्नी की हत्या का प्रयास, विफल रहा
  • मर्डर करने वाले शूटर सिदगोड़ा और सीतारामडेरा के रहने वाले

बारीडीह, सिदगोड़ा, बाबूडीह और सीतारामडेरा के हैं शूटर

शूटर जमशेदपुर शहर के अलग-अलग इलाकों बारीडीह, सिदगोड़ा, बाबूडीह और सीतारामडेरा के रहने वाले हैं. पुलिस गिरफ्तार युवकों से पूछताछ कर रही है. उनके पास से रुपये भी बरामद किये हैं. पूछताछ में रवि अग्रवाल ने कई हैरान करने वाली बातें पुलिस को बतायी है.

पत्नी से तंग आ गया था, इसलिए रची हत्या की साजिश : रवि अग्रवाल

उसने स्वीकार किया कि पत्नी से तंग आ चुका था. इसलिए उसकी हत्या करना चाहता था. पिछले करीब एक साल से उसकी हत्या की फिराक में था. पहले उसने खुद हत्या करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली. इसके बाद चालक मुकेश मिश्रा की मदद से शूटरों से बात हुई. 8 लाख रुपये में सौदा हुआ, लेकिन काम नहीं हुआ.

Also Read : जमशेदपुर में कारोबारी की पत्नी की गोली मार कर हत्या, मंत्री बन्ना गुप्ता ने दी चुनौती, कहा मर्द की तरह अपराधी आए सामने

बिष्टुपुर के रेस्टोरेंट में गला काटने की थी योजना

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में रवि अग्रवाल ने स्वीकार किया कि उसने शूटर्स से कहा था कि बिष्टुपुर के एक रेस्टोरेंट में ज्योति की हत्या करे. योजना के अनुसार, रवि अग्रवाल और ज्योति रेस्टोरेंट में जाते. इसी बीच हमलावर गला रेत कर ज्योति की हत्या कर देता. इससे वह पुलिस को चकमा दे सकता था. इसके अलावा उस पर (रवि अग्रवाल) किसी को शक भी नहीं होता.

शूटर को ज्योति की हत्या के लिए दिए 16 लाख रुपए

उसने बताया कि हमलावर रेस्टोरेंट नहीं पहुंचे, जिसके बाद उसने कपाली थाना क्षेत्र के डोबो में एक माह पूर्व अपनी पत्नी की हत्या की योजना बनायी. वहां भी वह सफल नहीं हुआ. इसके बाद उसने शूटर को 16 लाख रुपए देकर ज्योति की हत्या का सौदा किया. वारदात की रात योजनाबद्ध तरीके से वह मिनी पंजाब होटल दोनों बेटे और पत्नी के साथ खाना खाने गया.

उल्टी का बहाना करके करने लगा शूटर्स का इंतजार

उसने बताया कि उल्टी होने का बहना करके वह शूटर्स के पहुंचने का इंतजार कर रहा था. इस कारण रास्ते में तीन जगह सुनसान स्थल पर रुका, लेकिन शूटर लेट से पहुंचे. बच्चे साथ में थे, जिससे उसे विश्वास दिलाने में कोई कठिनाई नहीं होती कि अपराधियों ने उसकी पत्नी की हत्या की है. योजनाबद्ध तरीके से उसने वारदात को अंजाम दिलाया.

Also Read : जमशेदपुर ज्योति हत्याकांड : ससुर ने दामाद पर ही दर्ज कराया हत्या का केस

गैंगटोक में जबरन पिलाई शराब, बाथ टब में हत्या की कोशिश

इससे पूर्व गत वर्ष 28 मई को परिवार के साथ गैंगटोक घूमने गया था. वहां होटल में बच्चों को खाना खिलाकर सुलाने के बाद उसने (रवि) पहले खुद शराब पी फिर पत्नी (ज्योति) को जबरन शराब पिलायी. इसके बाद बाथ टब में ज्योति की हत्या करने का प्रयास किया, लेकिन वह बच गयी. इसके बाद दवा का ओवरडोज देकर उसकी मानसिक स्थिति बिगाड़ने की कोशिश की. इसलिए ज्योति उससे बार-बार झगड़ती थी.

ससुरालवालों से करवा लिया था एफिडेविट

इसका फायदा उठाकर उसने ससुरालवालों से कोर्ट का एक एफिडेविट करावाया, जिसमें ज्योति की मौत के लिए मेरा या परिवार का कोई दोष नहीं होने की बात लिखावायी, ताकि ज्योति की हत्या के बाद वह (रवि) या परिवार फंस नहीं सके. रवि ने पुलिस को बताया कि वह ज्योति के साथ नहीं रहना चाहता था. इस कारण दोनों बेटे का रांची के हॉस्टल में नामांकन कराया था. 3 अप्रैल को दोनों बच्चों को रांची हॉस्टल पहुंचाना था.

पूर्व चालक ने शूटर्स से मिलवाया

गिरफ्तार मुकेश मिश्रा पूर्व में रवि अग्रवाल की कार का चालक था. वह धनबाद में भी रवि अग्रवाल के पिता राजेंद्र अग्रवाल की कार चलाता था. करीब तीन माह पूर्व मुकेश मिश्रा को काम से हटा दिया गया था. बावजूद इसके मुकेश मिश्रा लगातार रवि अग्रवाल के संपर्क में था. रवि अग्रवाल ने पत्नी ज्योति अग्रवाल को रास्ते से हटाने के लिए मुकेश मिश्रा से बात की. जिसके बाद मुकेश मिश्रा ने शूटर्स से बात करायी.

Also Read : जमशेदपुर में हत्या व पत्नी पर फायरिंग मामले में आरोपी दारोगा मनोज गुप्ता को झारखंड हाईकोर्ट से मिली जमानत

रवि ने बाएं हाथ से लिखा 25 लाख रंगदारी का पत्र

गिरफ्तार रवि अग्रवाल काफी शातिर है. उसने परिवार और रिश्तेदारों को भी अपने जाल में फंसाया. इसके लिए उसने पहले 25 लाख की रंगदारी की झूठी कहानी बनायी. इसके लिए उसने (रवि अग्रवाल ने) खुद बाएं हाथ से सादे कागज पर 25 लाख रुपए की रंगदारी की धमकी वाली बात लिखी और सोनारी में रुपए मांगने की बात भी लिखी. उसने खुद पुलिस से इसकी शिकायत नहीं की.

पिता के जरिये सीतारामडेरा थाना में करवाई लिखित शिकायत

उसने झूठी कहानी बनायी और पिता राजेंद्र अग्रवाल को इसकी जानकारी दी. 26 फरवरी को उसने अपने पिता के माध्यम से सीतारामडेरा थाना में लिखित शिकायत करवाई. वहीं, सीतारामडेरा थाना प्रभारी पर दबाव बनाया कि मामला लीक नहीं होना चाहिए. उसने इसकी जानकारी वरीय पुलिस अधिकारियों को देने से भी मना किया. गिरफ्तार रवि अग्रवाल ने स्वीकार किया कि रंगदारी वाला पत्र उसी ने लिखा था.

सरायकेला पुलिस 1 अप्रैल को करेगी मामले का उद्भेदन

सोनारी की ज्योति अग्रवाल हत्याकांड का सोमवार को सरायकेला पुलिस उद्भेदन करेगी. पुलिस इस मामले में भौतिक के अलावा साइंटिफिक जांच भी कर रही है, ताकि रवि अग्रवाल को सजा दिलायी जा सके. मालूम हो कि 29 मार्च 2024 की रात सरायकेला के चांडिल थाना अंतर्गत कांदरबेड़ा में अपराधियों ने सोनारी आस्था हाई टेक निवासी ज्योति अग्रवाल की गोली मारकर हत्या कर दी. जिस वक्त हत्यारों ने गोली मारी, ज्योति अग्रवाल के पति रवि अग्रवाल और उसके दोनों बेटे रिधान बंसल और रियान बंसल साथ में थे.

डेढ़ साल से ज्योति की हत्या की फिराक में था रवि : पिता-बहन

ज्योति अग्रवाल के पिता जुगसलाई निवासी प्रेम अग्रवाल और बहन दीपिका अग्रवाल ने बताया कि रवि पिछले करीब डेढ़ साल से ज्योति की हत्या की फिराक में था. गत 28 मई 2023 को गैंगटेक में उसने ज्योति की हत्या का प्रयास किया. ज्योति ने फोन कर इसकी जानकारी दी. इस कारण हमने उसे फोन करने से मना कर दिया. वाट्सअप चैट पर ही हमारी बात हो रही थी. हमें शक था कि रास्ते में वह ज्योति की हत्या न कर दे. इसलिए फोन करने से मना किया था.

गैंगटोक से लौटकर रवि ने मांगी थी माफी

उन्होंने बताया कि गैंगटोक से वापस लौटने पर वे लोग सीधे हमारे घर पहुंचे. वहां रवि ने माफी मांगी. इसके बाद ज्योति, बच्चे और रवि सोनारी चले गये. 8 दिसंबर 2023 को ज्योति की भाई की शादी थी. उस दौरान भी रवि ने ज्योति को हाई डोज दवा देकर मारने का प्रयास किया. उन्होंने कहा कि 12 दिसंबर को ज्योति का आत्महत्या करने का प्रयास की बात पूरी तरह झूठी है. पुलिस रवि अग्रवाल को कड़ी सजा दिलाये. उसने रिश्ते को खत्म कर दिया.

Table of Contents

विज्ञापन
Mithilesh Jha

लेखक के बारे में

By Mithilesh Jha

मिथिलेश झा PrabhatKhabar.com में पश्चिम बंगाल राज्य प्रमुख (State Head) के रूप में कार्यरत वरिष्ठ पत्रकार हैं. उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 32 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव है. उनकी रिपोर्टिंग राजनीति, सामाजिक मुद्दों, जलवायु परिवर्तन, नवीकरणीय ऊर्जा, कृषि और अन्य समसामयिक विषयों पर केंद्रित रही है, जिससे वे क्षेत्रीय पत्रकारिता में एक विश्वसनीय और प्रामाणिक पत्रकार के रूप में स्थापित हुए हैं. अनुभव : पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में 3 दशक से अधिक काम करने का अनुभव है. वर्तमान भूमिका : प्रभात खबर डिजिटल (prabhatkhabar.com) में पश्चिम बंगाल के स्टेट हेड की भूमिका में हैं. वे डिजिटल न्यूज कवर करते हैं. तथ्यात्मक और जनहित से जुड़ी पत्रकारिता को प्राथमिकता देते हैं. वर्तमान में बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 पर पूरी तरह से फोकस्ड हैं. भौगोलिक विशेषज्ञता : उनकी रिपोर्टिंग का मुख्य फोकस पश्चिम बंगाल रहा है, साथ ही उन्होंने झारखंड और छत्तीसगढ़ की भी लंबे समय तक ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग की है, जो उनकी क्षेत्रीय समझ और अनुभव को दर्शाता है. मुख्य विशेषज्ञता (Core Beats) : उनकी पत्रकारिता निम्नलिखित महत्वपूर्ण और संवेदनशील क्षेत्रों में गहरी विशेषज्ञता को दर्शाती है :- राज्य राजनीति और शासन : झारखंड और पश्चिम बंगाल की राज्य की राजनीति, सरकारी नीतियों, प्रशासनिक निर्णयों और राजनीतिक घटनाक्रमों पर निरंतर और विश्लेषणात्मक कवरेज. सामाजिक मुद्दे : आम जनता से जुड़े सामाजिक मुद्दों, जनकल्याण और जमीनी समस्याओं पर केंद्रित रिपोर्टिंग. जलवायु परिवर्तन और नवीकरणीय ऊर्जा : पर्यावरणीय चुनौतियों, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव और रिन्यूएबल एनर्जी पहलों पर डेटा आधारित और फील्ड रिपोर्टिंग. डाटा स्टोरीज और ग्राउंड रिपोर्टिंग : डेटा आधारित खबरें और जमीनी रिपोर्टिंग उनकी पत्रकारिता की पहचान रही है. विश्वसनीयता का आधार (Credibility Signal) : तीन दशकों से अधिक की निरंतर रिपोर्टिंग, विशेष और दीर्घकालिक कवरेज का अनुभव तथा तथ्यपरक पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्धता ने मिथिलेश झा को पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत के लिए एक भरोसेमंद और प्रामाणिक पत्रकार के रूप में स्थापित किया है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola