रांची: बार में हुई मारपीट का बदला लेने के लिए युवक को उठाने का आरोप, चार गिरफ्तार
अरगोड़ा थाना रांची
रांची में बार में हुई मारपीट का बदला लेने के लिए युवक का अपहरण कर बंधक बना लिया गया. उसे बेरहमी से पीटा गया और सिगरेट से जलाया भी गया. पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
रांची. अरगोड़ा थाना क्षेत्र के कार्तिक उरांव चौक से रविवार देर रात हर्ष कुमार (25) का अपहरण कर मारपीट करने और जान से मारने की कोशिश का मामला सामने आया है. घटना के करीब दो घंटे बाद पुलिस ने हर्ष को नगड़ी थाना क्षेत्र के जंगल से बरामद किया. उसकी शिकायत पर पुलिस ने आकाश कुमार साहू, विनय कुमार साहू, असगर खान और भोला नायक को गिरफ्तार किया है. वहीं बिट्टू और उत्तम नामक दो आरोपियों की तलाश की जा रही है. पुलिस ने आरोपियों के पास से एक्सयूवी-500, पांच मोबाइल, 6500 रुपये नकद और सरकारी स्टांप बरामद किये हैं. सिटी एसपी पारस राणा ने सोमवार को प्रेस वार्ता में मामले की जानकारी दी.
कार खराब होने के दौरान युवक को जबरन ले जाने का आरोप
कडरू निवासी हर्ष के अनुसार, 13 सितंबर की देर रात करीब 12.10 बजे वह अमन मिश्रा और आकर्षित वर्मा के साथ लालपुर के एक होटल में जन्मदिन की पार्टी से कार (जेएच01-जीबी-4845) से घर लौट रहा था. कार्तिक उरांव चौक के पास कार बंद हो गयी. तीनों बोनट खोलकर कार की जांच कर रहे थे. इसी दौरान एक्सयूवी से तीन-चार लोग वहां पहुंचे और हर्ष को जबरन अपने साथ ले गये. विरोध करने पर उसके दोस्तों के सामने ही उसके साथ मारपीट करने का आरोप है.
हर्ष ने पुलिस को बताया कि वाहन में भी उसके साथ मारपीट की गयी और गले में फंदा डालकर खींचा गया, जिससे वह बेहोश हो गया. होश आने पर उसने खुद को सुनसान जंगल में पाया. उसके अनुसार, वहां करीब छह लोगों ने हाथ, मुक्का और बेल्ट से मारपीट की. उसने शर्ट उतारकर सिगरेट से जलाने और जली सिगरेट मुंह में डालने का भी आरोप लगाया है.
स्टांप पेपर पर जबरन हस्ताक्षर कराने का आरोप
हर्ष के अनुसार, आरोपियों ने उसके कपड़े उतरवाये और उसके साथ अभद्र व्यवहार किया. उसने आकाश साहू पर शरीर और माथे पर पेशाब करने का आरोप लगाया है. पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने पिस्टल मंगवाकर गोली मारने की बात भी कही. इसके बाद सरकारी स्टांप पेपर पर उससे जबरन हस्ताक्षर करवाये गये.
पीड़ित की शिकायत पर अरगोड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
बार में मारपीट का बदला लेने की बात सामने आयी
पुलिस पूछताछ में आकाश साहू ने बताया कि वह अपनी गर्लफ्रेंड और दोस्त के साथ लालपुर स्थित एक बार में गया था. वहां किसी बात को लेकर हर्ष कुमार और उसके दोस्तों ने उसके साथ मारपीट की थी. इसी का बदला लेने के लिए वह हर्ष को सबक सिखाने की योजना बना रहा था.
पुलिस के अनुसार, कार्तिक उरांव चौक से हर्ष को ले जाने के बाद उससे बार में मारपीट करने वाले दोस्त को बुलाने के लिए कहा गया. दोस्त को नहीं बुलाने पर उसके साथ मारपीट की गयी और बाद में जंगल ले जाकर प्रताड़ित किया गया. पुलिस के अनुसार, आकाश साहू पूर्व में रंगदारी के एक मामले में लोहरदगा से जेल जा चुका है.
दो आरोपियों की तलाश में छापेमारी
मामले में फरार बिट्टू और उत्तम की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है. छापेमारी टीम में सिटी एसपी पारस राणा, एएसपी कोतवाली निखिल रॉय, हटिया डीएसपी नीरज कुमार, अरगोड़ा थाना प्रभारी संतीश गोराई समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए