पाठ्यपुस्तक लेखन से उत्कृष्ट शिक्षण तक, सिमडेगा के तीन शिक्षकों ने राज्य स्तर पर बढ़ाया जिले का मान
सम्मनित शिक्षक | Prabhat Khabar Network
शिक्षक दिवस पर सिमडेगा के तीन शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए राज्य स्तरीय सम्मान से नवाजा गया। जिले में खुशी का माहौल है।
शिक्षक दिवस पर स्मिथ कुमार सोनी और नवीन कुमार को पाठ्यपुस्तक लेखन के लिए सम्मान, पूनम खलखो को मिला सर्वश्रेष्ठ शिक्षक का पुरस्कार
आपके शहर में
सिमडेगा : शिक्षक दिवस के अवसर पर जिले के तीन शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए राज्य स्तरीय सम्मान से सम्मानित किया गया. बानो के राजकीय मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक स्मिथ कुमार सोनी एवं सहायक शिक्षक नवीन कुमार को पाठ्यपुस्तक लेखन में महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मान मिला. वहीं बांसजोर के एसएस प्लस टू हाई स्कूल की इतिहास शिक्षिका पूनम खलखो को राज्य स्तरीय सर्वश्रेष्ठ शिक्षक सम्मान प्रदान किया गया.
कक्षा एक और दो की पाठ्यपुस्तक लेखन में योगदान
रांची में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में स्मिथ कुमार सोनी और नवीन कुमार को झारखंड के सरकारी विद्यालयों के लिए कक्षा एक और दो की पाठ्यपुस्तक तैयार करने में योगदान के लिए सम्मानित किया गया.
स्मिथ कुमार सोनी इससे पहले वर्ष 2020 में राष्ट्रपति के हाथों राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान प्राप्त कर चुके हैं. उन्होंने विद्यालय में छात्र संख्या बढ़ाने, छीजन रोकने और मानव तस्करी के खिलाफ जागरूकता फैलाने जैसे कार्यों में भी योगदान दिया है.
वहीं नवीन कुमार शिक्षा के साथ साहित्य के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं. ‘नवेंदु’ नाम से पहचान रखने वाले नवीन कुमार ने कक्षा एक से आठवीं तक की हिंदी की 11 पाठ्यपुस्तकों के लेखन में योगदान दिया है. उनका व्यंग्य संग्रह ‘चिंताराम की चिंता’ भी चर्चित रहा है.
तीन वर्षों से विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत परिणाम
बांसजोर के एसएस प्लस टू हाई स्कूल की इतिहास शिक्षिका पूनम खलखो को उत्कृष्ट शिक्षण कार्य के लिए राज्य स्तरीय सर्वश्रेष्ठ शिक्षक सम्मान मिला. पिछले तीन वर्षों से कक्षा 11वीं और 12वीं में इतिहास विषय में उनके विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत सफलता परिणाम रहा है. विद्यार्थियों के प्रति समर्पण और नवाचारपूर्ण शिक्षण के लिए उनकी पहचान बनी है.
तीनों शिक्षकों की उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों और क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है. उनके सम्मान से जिले के शिक्षा जगत में खुशी का माहौल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए