सिमडेगा में चार शिक्षक सम्मानित, किसी ने बिरहोर बच्चों को जोड़ा शिक्षा से तो किसी ने स्कूल को दिलाया स्वच्छता पुरस्कार

Updated:
विज्ञापन

सम्मानित शिक्षक व उपायुक्त | Prabhat Khabar Network

सिमडेगा में शिक्षक दिवस पर उपायुक्त कंचन सिंह ने शिक्षा और स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चार शिक्षकों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया।

विज्ञापन

शिक्षक दिवस पर उपायुक्त कंचन सिंह ने किया सम्मानित, शिक्षा, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला सम्मान

आपके शहर में

विज्ञापन

सिमडेगा : शिक्षक दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से शिक्षा, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले जिले के चार शिक्षकों को सम्मानित किया गया. उपायुक्त कंचन सिंह ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी. उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज निर्माण की आधारशिला हैं. उनके समर्पण और मार्गदर्शन से बच्चों का भविष्य संवरता है और समाज को नयी दिशा मिलती है.

नामांकन और उपस्थिति बढ़ाने में अभिषेक रंजन का योगदान

राजकीयकृत प्राथमिक विद्यालय, लसिया के शिक्षक अभिषेक रंजन को बच्चों के नामांकन और नियमित उपस्थिति में सुधार के लिए किये गये सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया. उनके प्रयासों के फलस्वरूप विद्यालय का चयन सत्र 2026-27 के प्रतिष्ठित मुख्यमंत्री स्वच्छता पुरस्कार के लिए हुआ है.

वहीं, पीएम श्री राजकीयकृत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बंगरू की शिक्षिका कथरीन तिर्की ने क्षेत्र में रहने वाले आदिम जनजाति बिरहोर परिवारों को शिक्षा के प्रति जागरूक करने और उनके बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है. उनके इसी योगदान के लिए उन्हें सम्मानित किया गया.

स्वच्छता और बेहतर परिणाम के लिए मिला सम्मान

उत्क्रमित उच्च विद्यालय, केशलपुर के शिक्षक अमोद कुमार रंजन के नेतृत्व में विद्यालय ने स्वच्छता के क्षेत्र में कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं. सत्र 2026-27 में विद्यालय को राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार के तहत दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्राप्त हुई.

एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय, बानो के प्रभारी प्रधानाध्यापक आनंद कुमार के नेतृत्व में विद्यालय ने शिक्षा और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन किया. मैट्रिक परीक्षा का परिणाम उत्कृष्ट रहा और एक छात्र ने राज्य स्तर पर टॉप कर जिले का नाम रोशन किया.

उपायुक्त कंचन सिंह ने कहा कि इन शिक्षकों का समर्पण अन्य शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है. उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola