Simdega: श्रद्धा, उल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया रामनवमी का त्योहार

Updated:
विज्ञापन

सिमडेगा में रामनवमी पर निकली शोभायात्रा

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

Simdega: जिले में काफी हर्षोल्लास के साथ रामनवमी का त्योहार मनाया गया. मनमोहक झांकियों के साथ शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए. पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी से जिलेभर में यह त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ.

विज्ञापन

रविकांत साहू
Simdega: जिले में रामनवमी का पर्व इस वर्ष पूरे श्रद्धा, उल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया. इस अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भव्य शोभायात्रा एवं जुलूस निकाले गए. जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया. विशेष रूप से शहरी क्षेत्र में उत्साह देखते ही बन रहा था. रामनवमी प्रबंधन समिति के तत्वावधान में मुख्य जुलूस की शुरुआत महावीर चौक से की गई. यहां सभी अखाड़ों के सदस्य एकत्रित हुए और सामूहिक रूप से भव्य जुलूस निकाला गया. जुलूस में शामिल श्रद्धालु हाथों में महावीरी झंडा लिए हुए जय श्रीराम और जय बजरंग बली के जयकारे लगा रहे थे, जिससे पूरा शहर भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया.

विज्ञापन

जुलूस में मुख्य रूप से ये लोग थे शामिल

जुलूस महावीर चौक से निकलकर मुख्य पथ, नीचे बाजार, भट्टीटोली होते हुए रामनगर पहुंचा. वहां से वापस मुख्य पथ होते हुए झूलन सिंह चौक, सामटोली और फिर प्रिंस चौक तक पहुंचा. इस दौरान युवकों ने पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र का आकर्षक प्रदर्शन किया, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा. शोभायात्रा में नगर परिषद अध्यक्ष ओलिभर लकड़ा, उपाध्यक्ष दीपक अग्रवाल, समिति के संरक्षक डीडी सिंह, श्यामलाल शर्मा, अमरनाथ बामलिया, राजेश सिंह, संजय ठाकुर, कौशल राज सिंह देव, अध्यक्ष प्रदीप शर्मा सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए.

जगह-जगह सेवा शिविर, श्रद्धालुओं को मिली राहत

शहरी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर रामनवमी जुलूस में शामिल लोगों की सुविधा के लिए समाजसेवियों एवं विभिन्न संगठनों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली. प्रिंस चौक से लेकर बैठी टोली तक कई स्थानों पर पेयजल, चना, बिस्कुट, चॉकलेट एवं अन्य नाश्ते का प्रबंध किया गया था. नीचे बाजार क्षेत्र में नगर परिषद अध्यक्ष ओलिभर लकड़ा एवं उपाध्यक्ष दीपक अग्रवाल के द्वारा श्रद्धालुओं के लिए शरबत, चना और नाश्ते की विशेष व्यवस्था की गई. इसके अलावा टेंट हाउस संगठन के सदस्यों ने भी चना, गुड़ और शरबत वितरित किए. शहर के कई अन्य प्रतिष्ठानों एवं समाजसेवियों द्वारा भी इसी प्रकार की व्यवस्था कर जुलूस में शामिल लोगों को राहत पहुंचाई गई.

सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम

रामनवमी जुलूस को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा. पूरे मार्ग में जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई थी. ड्रोन कैमरे से जुलूस की निगरानी की जा रही थी तथा वीडियोग्राफी भी कराई जा रही थी. विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिये एसडीओ प्रभात रंजन ज्ञानी के नेतृत्व में एसडीपीओ बैजू उरांव, थाना प्रभारी रोहित रजक एवं सीओ मो इमतियाज अहमद सक्रिय दिखे. वहीं एसपी श्रीकांत एस खोटरे स्वयं विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे.

बारिश से भी उत्साह में कमी नहीं

रामनवमी के अवसर पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा के दौरान भट्टीटोली पहुंचते ही मौसम ने अचानक करवट ले ली. तेज हवा के साथ झमाझम बारिश और बिजली (लाइटिंग) शुरू हो गई. हालांकि खराब मौसम के बावजूद जुलूस में शामिल रामभक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ और वे पूरे जोश के साथ आगे बढ़ते रहे. तेज बारिश और आंधी के बीच भी भट्टीटोली क्षेत्र में विभिन्न अखाड़ों के खिलाड़ियों द्वारा पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन किया गया, जो देखने लायक रहा. प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया. इस दौरान तेज हवा के कारण एक ऊंचा महावीरी झंडा का बांस टूट गया. लेकिन राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की कोई हानि नहीं हुई. मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को संभाल लिया. कुल मिलाकर, मौसम की चुनौती के बावजूद रामनवमी जुलूस का उत्साह और भव्यता बरकरार रही.

ये भी पढ़ें…

Ranchi Weather: झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना, कम नहीं हुआ रामभक्तों का उत्साह

गढ़वा रामनवमी विवाद में दोनों पक्षों के 19 लोग गिरफ्तार, थाना प्रभारी लाइन हाजिर

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola