सिमडेगा: कसडेगा में कुएं में डूबने से दो मासूम भाई की मौत, नहाने गए थे; घर के पीछे मिले कपड़े-चप्पल
सांकेतिक तस्वीर
कुरडेग थाना क्षेत्र के कसडेगा में एक दुखद घटना घटी है, जहां कुएं में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई. दोनों बच्चे नहाने के लिए घर से निकले थे.
कुरडेग. कुरडेग थाना क्षेत्र के कसडेगा बस्ती में गुरुवार को कुएं में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान विष्णु कौंध (8) और तुलसी कौंध (10) के रूप में हुई है. घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है.
नहाने जाने की बात कहकर घर से निकले थे दोनों
मृत बच्चों के पिता रवि शंकर कौंध ने बताया कि दोनों बच्चे गुरुवार सुबह करीब 11 बजे नहाने जाने की बात कहकर घर से निकले थे. शाम करीब 4 बजे तक दोनों घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. खोजबीन के दौरान घर के पीछे स्थित कुएं के पास बच्चों के कपड़े और चप्पल पड़े मिले. कपड़े और चप्पल देखकर परिजनों और ग्रामीणों को बच्चों के कुएं में गिरने की आशंका हुई. इसके बाद ग्रामीणों की मदद से कुछ युवक कुएं में उतरे. तलाशी के दौरान दोनों बच्चे पानी में डूबे मिले. ग्रामीणों ने दोनों को कुएं से बाहर निकाला और घर लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी.
परिजन शुरू में पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं
घटना की जानकारी मिलते ही कुरडेग थाना प्रभारी विनय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में ले लिया. परिजन शुरू में पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं थे. थाना प्रभारी ने उन्हें सरकारी प्रक्रिया और सरकार की ओर से मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी. काफी समझाने के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए. पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शुक्रवार को दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिमडेगा सदर अस्पताल भेज दिया. घटना के बाद से मृत बच्चों के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, गांव में भी शोक का माहौल है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए