Jharkhand News: सिमडेगा के हॉकी खिलाड़ी अब कंप्यूटर में भी होंगे हुनरमंद, अमेरिका से ऑनलाइन सीख रहे अंग्रेजी
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 26 Sep 2021 7:42 PM
हॉकी सिमडेगा के खिलाड़ी अब कंप्यूटर में भी दक्ष होंगे. हर रविवार को उन्हें मुफ्त में कंप्यूटर की ट्रेनिंग दी जा रही है. वहीं, भारतीय मूल की डॉ मनीषा अमेरिका से ऑनलाइन अंग्रेजी सीखा रही है. कुछ दिन बाद गणित और विज्ञान की शिक्षा भी इन प्लेयर्स को मिलेगी.
Jharkhand News (रविकांत साहू, सिमडेगा) : झारखंड के सिमडेगा में सहभागी कंप्यूटर एजुकेशन द्वारा हर रविवार को 50 हॉकी खिलाड़ियों को नि:शुल्क कंप्यूटर की शिक्षा उपलब्ध करा रहा है. वहीं, अमेरिका से भारतीय मूल की डॉ मनीषा भी सप्ताह में एक दिन खिलाड़ियों को ऑनलाइन अंग्रेजी सीखा रही है.
सिमडेगा जिला के हॉकी खिलाड़ी भले ही देश-विदेश में अपना परचम लहरा रहे हैं, लेकिन शैक्षणिक एवं बातचीत करने में अन्य प्रदेशों के खिलाड़ियों से काफी पीछे हैं. इसे देखते हुए हॉकी सिमडेगा ने 2015 से ही हॉकी खिलाड़ियों के लिए अंग्रेजी पढ़ाई एवं क्विज, भाषण प्रतियोगिता आदि की शुरुआत की थी. इससे भी खिलाड़ियों में थोड़ी झिझक कम हुई है.
जिला के खिलाड़ी कंप्यूटर ज्ञान से अनभिज्ञ थे. उसी को देखते हुए हॉकी सिमडेगा ने उनके सर्वांगीण विकास के लिए कंप्यूटर पढ़ाई की शुरुआत करायी है. सहभागी कंप्यूटर एजुकेशन संचालक निशांत कुमार और विपुल कुमार ने जिला के खिलाड़ियों को अपने कंप्यूटर सेंटर में नि:शुल्क कंप्यूटर सिखलाने के लिए हामी भरी. 50 हॉकी खिलाड़ियों को कंप्यूटर की शिक्षा हर रविवार को दी जायेगी. इसकी शुरुआत कर दी है. कंप्यूटर क्लास का लाभ हॉकी सिमडेगा द्वारा निबंधित जिला के कोई भी हॉकी खिलाड़ी प्राप्त कर सकते हैं.
वहीं, हर रविवार को भारतीय मूल की डॉक्टर मनीषा जो वर्तमान समय में अमेरिका में रहती है, उनके द्वारा भी ऑनलाइन अंग्रेजी की पढ़ाई की शुरुआत की गयी है. खिलाड़ियों से ऑनलाइन बातचीत कर उनका हौसला भी बढ़ाया जा रहा है. जूनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी प्रतियोगिता के बाद हॉकी खिलाड़ियों के लिए विज्ञान एवं गणित की भी पढ़ाई की शुरुआत की जायेगी, ताकि जिले के हॉकी खिलाड़ी सिर्फ रेलवे में टिकट कलेक्टर, क्लर्क या सहायक पुलिस ही नहीं, ब्लकि डॉक्टर, इंजीनियर और कलक्टर भी बन सके.
जिला के 12 हॉकी खिलाड़ी इस वर्ष इंटर की परीक्षा उत्तीर्ण हुए हैं. रांची में रहकर हॉकी की ट्रेंनिग ले रहे हैं. उन सभी खिलाड़ियों का स्नातक तक की पढ़ाई के लिए रांची में रामलखन सिंह कॉलेज में एडमिशन कराया गया है. हॉकी खिलाड़ियों को लगातार आगे बढ़ाने में सिमडेगा हॉकी के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी का सराहनीय योगदान रहा है.
Posted By : Samir Ranjan.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










