सिमडेगा में खेले जा रहे हॉकी चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल मैच में झारखंड व पंजाब के बीच होगी भिड़ंत
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 25 Oct 2021 8:08 PM
सिमडेगा में खेले जा रहे 11वीं नेशनल हॉकी महिला जूनियर चैपिंयनशिप में 26 अक्टूबर को हॉकी झारखंड और हॉकी पंजाब के बीच भिड़ंत होगी. मंगलवार को 4 क्वार्टर फाइनल मैच होंगे. इससे पहले सोमवार को लीग मैच में हॉकी चंडीगढ़ ने हॉकी जम्मू-कश्मीर को एकतरफा मुकाबले में 20-0 से रौंदा.
Jharkhand News (रविकांत साहू, सिमडेगा) : सिमडेगा के एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में खेले जा रहे 11वीं जूनियर महिला हॉकी टूर्नामेंट का लीग मैच 25 अक्टूबर को समाप्त हो गया. 26 अक्टूबर से नॉकआउट टूर्नामेंट होगा. क्वार्टर फाइनल में झारखंड के अलावा हरियाणा, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, चंडीगढ़, ओडिशा और पंजाब हॉकी की टीम पहुंच चुकी है. 26 अक्टूबर को पहला क्वार्टर फाइनल मैच हॉक झारखंड और पंजाब के बीच सुबह 7 बजे से खेला जायेगा.
हॉकी झारखंड और जिला प्रशासन, सिमडेगा द्वारा आयोजित 11वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी प्रतियोगिता में सोमवार को छठे दिन कुल 5 मैच खेले गये. पहले मैच में हॉकी ओड़िशा ने हॉकी मध्य प्रदेश को 9-0 से पराजित कर दिया. ओड़िशा की ओर से ज्योति और नेहा लकड़ा ने 2-2 गोल किये, वहीं ममता, संध्या कुजूर, अतेन टोपनो, कमला सिंह और माेनिका ने एक-एक गोल किये.
दूसरे मैच में हॉकी छत्तीसगढ़ ने हॉकी हिमाचल को 6-3 से हराया. छत्तीसगढ़ की ओर से अनिशा और मोनिका ने 2-2 गोल किये, वहीं हर्षिता और मेघना ने एक-एक गोल किये. दूसरी ओर, हिमाचल प्रदेश की ओर से रीतू ने 2 तथा संगीता ने एक गोल किये.
तीसरे मैच में हॉकी चंडीगढ़ व हॉकी जम्मू-कश्मीर के बीच मैच खेला गया. यह मैच पूरी तरह से एकतरफा रहा. एकतरफे मैच में हॉकी चंडीगढ ने हॉकी जम्मू-कश्मीर को 20-0 पराजित किया. वहीं, चौथे मैच में हॉकी बिहार ने हॉकी गोवा को संघर्षपूर्ण मुकाबले में 3-1 से हरा दिया. बिहार की ओर से प्रतिमा, नाजिया खातून और खुशी कुमार ने एक-एक गोल किया. वहीं, गोवा की ओर से एकमात्र गोल पेरल रूबी ने किया.
प्रतियोगिता के अंतिम लीग मैच में हॉकी उत्तर प्रदेश ने हॉकी उत्तराखंड को 12-0 से करारी शिकस्त दी. लीग मैच समाप्ति के बाद हॉकी झारखंड, हरियाणा, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, चंडीगढ़, ओडिशा और पंजाब की टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंच गयी है. प्रतियोगिता में कुल 6 दिनों में 33 लीग मैच खेले गये.
– हॉकी झारखंड बनाम हॉकी पंजाब : सुबह 7 बजे
– हॉकी हरियाणा बनाम हॉकी ओड़िशा : सुबह 7 बजे
– हॉकी आंध्र प्रदेश बनाम हॉकी चंडीगढ़ : सुबह 11 बजे
– हॉकी उत्तर प्रदेश बनाम हॉकी महाराष्ट्र : दोपहर 3 बजे
Posted By : Samir Ranjan.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










