कांग्रेस ने पंचायतों का किया दौरा, ग्रामीणों ने सड़क, पुल और बिजली की समस्याएं गिनाई
कांग्रेस ने पंचायतों का किया दौरा | Prabhat Khabar Network
कांग्रेस नेताओं ने बानो प्रखंड की विभिन्न पंचायतों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याओं को जाना. अधूरे छात्रावास, जर्जर सड़कें और पुल निर्माण की मांग प्रमुखता से उठी. नेताओं ने हर संभव मदद का भरोसा दिलाया.
सिमडेगाः बानो प्रखंड कांग्रेस कमेटी के निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रखंड अध्यक्ष मो. रफीक अन्सारी की अगुवाई में विभिन्न पंचायतों का दौरा किया गया. इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों से मुलाकात कर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं की जानकारी ली. नेताओं ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों के समक्ष उठाया जायेगा.
बांकी में अधूरे छात्रावास का लिया जायजा
बांकी पंचायत में कल्याण विभाग द्वारा निर्माणाधीन छात्रावास का निरीक्षण किया गया. कांग्रेस नेताओं ने छात्रावास के अधूरे निर्माण कार्य का जायजा लिया. उन्होंने कहा कि छात्रावास का निर्माण अधूरा रहने से बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और उनकी पढ़ाई-लिखाई भी प्रभावित हो रही है. नेताओं ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की.
ये भी पढ़ें- तेज आंधी-बारिश में पत्थर और एस्बेस्टस का घर क्षतिग्रस्त, बाल-बाल बचा परिवार
हुरदा में स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण
हुरदा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया गया. इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने ओपी थाना प्रभारी से मुलाकात की और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं कमियों से उन्हें अवगत कराया. वहीं, चंदस्य पंचायत में ग्रामीण जुनैल भेगरा ने क्षेत्र की बदहाल सड़क की समस्या से कांग्रेस नेताओं को अवगत कराया. उन्होंने बताया कि वर्ष 1990 में मुरुम सड़क का निर्माण हुआ था और वर्ष 2001 में सड़क पर गिट्टीकरण कराया गया था. इसके बाद सड़क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ. ग्रामीणों ने सड़क के निर्माण और मरम्मत की मांग रखी.
हुरदा से ओड़िशा सीमा तक सड़क निर्माण की मांग
जमतई पंचायत में भी कांग्रेस नेताओं ने ग्रामीणों से मुलाकात की. ग्रामीणों ने बताया कि हुरदा से ओड़िशा सीमा की ओर आरइओ सड़क से पश्चिमी सिंहभूम क्षेत्र तक करीब छह किलोमीटर सड़क का निर्माण बेहद जरूरी है. सड़क की खराब स्थिति के कारण क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की दिशा में पहल करने की मांग की.
पुल और बिजली के पोल से बने अस्थायी रास्ते की समस्या
दौरे के दौरान डोंगरी नाला में पुल निर्माण की समस्या से भी ग्रामीणों ने कांग्रेस नेताओं को अवगत कराया. वहीं, गेनमेर पंचायत के पान टोली में बिजली के पोल से बने अस्थायी आवागमन मार्ग की समस्या भी सामने आयी. ग्रामीणों ने बताया कि इस रास्ते से करीब 250 घरों के लोगों का आवागमन प्रभावित होता है. ओड़िशा क्षेत्र के लोग भी बाजार आने-जाने के लिए इस मार्ग का इस्तेमाल करते हैं.
ये भी पढ़ें- राजकीय सम्मान के साथ विमला प्रधान को अंतिम विदाई, डीसी-एसपी समेत जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि
पंचायत स्तर पर समस्याएं चिन्हित कर उठाए जाएंगे मुद्दे
प्रखंड अध्यक्ष मो. रफीक अन्सारी ने कहा कि बानो प्रखंड की जनता की समस्याओं को पंचायत स्तर पर चिन्हित किया जा रहा है. इन समस्याओं को संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखा जाएगा, ताकि क्षेत्र के लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें. उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल की जाएगी. दौरे में प्रखंड प्रभारी श्याम सुंदर आचार्य, सांसद प्रतिनिधि अजीत कंडुलना, प्रखंड उपाध्यक्ष जेम्स कंडुलना, प्रखंड उपाध्यक्ष सहदेव कोटवार, महासचिव सबन डांग, मीडिया प्रभारी मो. शोएब अन्सारी, मंडल अध्यक्ष मो. शमशेर अन्सारी, सोमा कंडुलना सहित कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए