चांडिल में जंगली हाथियों का कहर, पुरियारा में फसल रौंदी
रात को पुरियारा गांव में निकला हाथी पिलीद जंगल में डेरा डाले हुए हाथी | Prabhat Khabar Network
चांडिल और ईचागढ़ में जंगली हाथियों के झुंड ने धान की फसल को रौंदा। ग्रामीणों में दहशत का माहौल, वन विभाग ने निगरानी बढ़ाई और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी।
चांडिल: चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. नीमडीह थाना क्षेत्र के पुरियारा गांव में मंगलवार देर रात झुंड से बिछड़े एक जंगली हाथी ने किसानों के खेतों में लगी धान की फसल को रौंदकर भारी नुकसान पहुंचाया. वहीं बुधवार को ईचागढ़ प्रखंड के पिलीद जंगल में 7-8 जंगली हाथियों का झुंड डेरा जमाए हुए मिला. हाथियों ने आसपास के गांवों में धान के बिचड़े को भी नष्ट कर दिया. लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.
पुरियारा गांव में हाथी के पहुंचने की सूचना मिलते ही ग्रामीण एकजुट होकर निकले. ग्रामीणों ने हो-हल्ला कर हाथी को पास के जंगल की ओर खदेड़ दिया. घटना के बाद प्रभावित किसानों ने वन विभाग से फसल क्षति का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है.
पिलीद जंगल में डेरा जमाए हाथियों के झुंड
इधर पिलीद जंगल में डेरा जमाए हाथियों के झुंड के बारे में स्थानीय लोगों का कहना है कि यह दल पश्चिम बंगाल से सुवर्णरेखा नदी पार कर ईचागढ़ क्षेत्र में पहुंचा है. हाथियों के जंगल से सटे गांवों के आसपास विचरण करने से ग्रामीण रातभर सतर्क हैं. सूचना मिलते ही वन विभाग ने टीम तैनात कर निगरानी बढ़ा दी है. विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और हाथियों के पास नहीं जाने की अपील की है. लगातार बढ़ रही हाथियों की गतिविधियों से किसानों की चिंता बढ़ गई है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए