खेत में काम कर रहीं थीं महिलाएं तभी अचानक गिरी बिजली, दो की मौत

Updated:
विज्ञापन

वज्रपात से गई महिला की जान और लोगों की लगी भीड़.

चांडिल के पंडरा गांव में खेत में काम करते समय वज्रपात की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई है. गांव में मातम पसरा है.

विज्ञापन

चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत पंडरा गांव में सोमवार दोपहर करीब दो बजे वज्रपात की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत हो गयी. वहीं, एक महिला गंभीर रूप से झुलस गयी. हादसा तब हुआ जब तीनों महिलाएं खेत में धान की निकाई का काम कर रही थीं.

आपके शहर में

विज्ञापन

अचानक बदला मौसम, खेत में गिरी बिजली

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, महिलाएं रोज की तरह खेत में धान की निकाई कर रही थीं. इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया. तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हुई और देखते ही देखते खेत में वज्रपात हो गया. बिजली की चपेट में आने से खेत में काम कर रही तीन महिलाएं गंभीर रूप से प्रभावित हुईं. वज्रपात की इस घटना में सोनमणी महतो और मुक्त महतो की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि तीसरी महिला झुलस गयी.

ग्रामीणों ने खेत से निकालकर पहुंचाया अस्पताल

हादसे के बाद आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गयी. ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे. तीनों महिलाओं को खेत से बाहर निकाला. इसके बाद सभी को प्राथमिक उपचार के लिए पीएचसी पातकुम ले जाया गया. अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद सोनमणी महतो और मुक्त महतो को मृत घोषित कर दिया. वहीं, झुलसी महिला का इलाज किया गया.

दो मौतों से गांव में पसरा मातम

दो महिलाओं की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया. गांव में मातम का माहौल है. बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतकों के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं. ग्रामीणों ने बताया कि दोनों महिलाएं रोज की तरह खेत में धान की निकाई करने गयी थीं. किसी ने नहीं सोचा था कि अचानक बदला मौसम और वज्रपात उनके लिए जानलेवा साबित होगा.

प्रशासन और पुलिस ने ली घटना की जानकारी

घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भी मामले की जानकारी लेने में जुट गये. अंचलाधिकारी अभय द्विवेदी ने फोन के माध्यम से घटना की जानकारी प्राप्त की. वहीं, तिरुलडीह थाना प्रभारी कौशल कुमार ने भी मामले की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola