दो दिन, 64 टीमें के जबरदस्त मैच के बाद, फाइनल जीतकर बुन्डू ने उठाई ट्रॉफी..
विजेता टीम को पुरस्कृत करते अतिथि
राजनगर में स्व. रामदु हांसदा की स्मृति में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का रोमांचक समापन हुआ. बुन्डू (ओडिशा) ने फाइनल जीत ट्रॉफी अपने नाम की. पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने पर जोर दिया.
राजनगर: प्रखंड क्षेत्र में टीए एंड सीएस गम्देसाई के तत्वावधान में स्व. रामदु हांसदा के 41वें शहादत दिवस के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ. प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों के साथ ओडिशा की टीमों ने भी हिस्सा लिया. कुल 64 टीमों ने प्रतियोगिता में शामिल होकर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया. दो दिनों तक चले मुकाबलों को देखने के लिए खेलप्रेमियों की भीड़ मैदान में जुटी रही.
फाइनल में ओडिशा की टीम ने मारी बाजी
फाइनल मुकाबला बुन्डू (ओडिशा) और महाराजगंज के बीच खेला गया. दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने पूरे मुकाबले में शानदार खेल का प्रदर्शन किया. रोमांचक मुकाबले में बुन्डू (ओडिशा) की टीम विजेता बनी, जबकि महाराजगंज को उपविजेता के खिताब से संतोष करना पड़ा.
प्रतियोगिता में तृतीय स्थान त्रिवान नगर रांची, चतुर्थ डिनी ब्रदर्स, पंचम केएफसी राजनगर, षष्ठम नितीश एफसी, सप्तम विहान एफसी और अष्टम स्थान बाबलू स्पोर्टिंग ने हासिल किया. सभी स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को आयोजन समिति की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया.
ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं : चंपाई सोरेन
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री सह स्थानीय विधायक चंपाई सोरेन शामिल हुए. उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है.
जरूरत है इन प्रतिभाओं को उचित मंच और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की. ऐसी प्रतियोगिताएं ग्रामीण युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर देती हैं. उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, लगन और निरंतर अभ्यास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया.
फाइनल में चरम पर रहा दर्शकों का उत्साह
प्रतियोगिता के दोनों दिनों सुबह से ही खेल मैदान में दर्शकों की भीड़ जुटती रही. बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया. फाइनल मुकाबले के दौरान मैदान के चारों ओर दर्शकों की भीड़ उमड़ पड़ी.
खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंजता रहा. चंपाई सोरेन ने कहा कि खेल अब केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं के लिए सम्मानजनक करियर का विकल्प भी बन चुका है. मेहनत और समर्पण के बल पर ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहचान बना सकते हैं.
ये रहे मौजूद
समारोह में जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, जिला परिषद सदस्य मालती देवगम, सुलेखा हांसदा, मुखिया राजो टुडू, ग्राम प्रधान कालीचरण टुडू, दिलीप राउत, पूर्व जिला परिषद सदस्य डोबरो देवगम, कपरा हांसदा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए