जंगल में लकड़ी चुनने के वक्त पेड़ से लटका मिला शव, हत्या या आत्महत्या, देखें पूरी रिपोर्ट
सांकेतिक तस्वीर
ईचागढ़ के काटघोड़ा जंगल में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला. पुलिस मामले की जांच कर रही है और शव की शिनाख्त की कोशिश जारी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा.
ईचागढ़. ईचागढ़ के काटघोड़ा लंबा डुंगरी जंगल में सोमवार को जंगल में एक पेड़ से गमछे के सहारे लटके हुए एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ है. घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी और देखते ही देखते यह खबर आसपास के गांवों में आग की तरह फैल गयी. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है.
आपके शहर में
जंगल में शव को देख उड़े ग्रामीणों के होश
जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह जब कुछ ग्रामीण रोजमर्रा (लकड़ी या पत्ता चुनने) के काम से जंगल की ओर गये, तो उनकी नजर पेड़ पर लटके शव पर पड़ी. इसे देखकर सबके होश उड़ गये. ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना अन्य लोगों और गांव के मुखिया को दी. बताया जा रहा है कि मृतक युवक ने फुल पैंट पहन रखी थी, जबकि उसका ऊपरी शरीर पूरी तरह से खुला हुआ था. घटनास्थल की इस संदिग्ध स्थिति को देखकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं और अटकलें लगाई जा रही हैं.
फोरेंसिक टीम कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही ईचागढ़ और चौका थाना की पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने स्थिति का जायजा लेते हुए तुरंत जंगल की घेराबंदी की और फोरेंसिक टीम को भी संभावित साक्ष्य जुटाने के लिए सतर्क किया. शुरुआती स्तर पर शव को पेड़ से उतारकर सुरक्षित कब्जे में ले लिया गया है, ताकि आगे की कानूनी प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जा सके.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही पुलिस
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस आसपास के थानों और ग्रामीण इलाकों में लापता लोगों की सूची खंगाल रही है ताकि युवक की शिनाख्त हो सके. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश या आपराधिक मामला छिपा है, इसका खुलासा पुलिस की विस्तृत जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा. फिलहाल पुलिस हर एक पहलू की छानबीन कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए