जनता दरबार में उमड़ी फरियादियों की भीड़, डीसी ने अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का दिया निर्देश
लोगों की समस्याओं को सुनते उपायुक्त.
सरायकेला में आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने लोगों की व्यक्तिगत और सामुदायिक समस्याओं को सुना. उन्होंने अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
सरायकेला : समाहरणालय परिसर स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में मंगलवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार आयोजित किया गया. इसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों और अंचलों से पहुंचे लोगों ने अपनी व्यक्तिगत और सामुदायिक समस्याओं से संबंधित आवेदन उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किए. उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
वंचित परिवारों ने योजना से जोड़ने की लगाई गुहार
जनता दरबार में चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के कुकड़ू, नीमडीह, ईचागढ़ और चांडिल प्रखंड के विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने महादलित परिवारों के राशन कार्ड की जांच कर पात्र परिवारों के नाम जोड़ने तथा उन्हें राशन योजना का लाभ दिलाने की मांग की. वहीं, राशन कार्ड से नाम विलोपित होने के कारण खाद्यान्न योजना के लाभ से वंचित परिवारों ने भी आवेदन देकर पुनः योजना से जोड़ने की गुहार लगाई.
विभागों से संबंधित समस्याओं को लेकर सौंपा आवेदन
इसके अलावा पेंशन योजना से वंचित पात्र लाभुकों को पेंशन का लाभ दिलाने से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए. नीमडीह और खरसावां अंचल में रैयती जमीन पर अवैध एवं जबरन कब्जे की शिकायतें भी जनता दरबार में पहुंचीं. वहीं, गम्हरिया अंचल की बंदोबस्ती भूमि से जुड़े विवाद के अलावा स्वास्थ्य, शिक्षा, सदन निर्माण समिति समेत अन्य विभागों से संबंधित समस्याओं को लेकर भी लोगों ने आवेदन सौंपे.
योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने पर दिया जोर
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन की गंभीरता से जांच करते हुए नियमानुसार, पारदर्शी एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. उन्होंने विशेष रूप से पात्र लाभुकों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने पर जोर दिया. साथ ही प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निष्पादन करने और आवेदकों को की गई कार्रवाई से अवगत कराने का निर्देश दिया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए