मंदिर की दानपेटी टूटी, घंटियां चोरी... 24 घंटे में खुला विंध्यवासिनी मंदिर चोरी का राज, पुजारी का बेटा गिरफ्तार
दान पेटी से चोरी करते आरोपी का फुटेज | Prabhat Khabar Network
बरहरवा के विंध्यवासिनी मंदिर में दानपेटी चोरी का खुलासा. सीसीटीवी से पुजारी के बेटे रोशन झा उर्फ सनी झा गिरफ्तार.
सोनू कुमार, साहेबगंज. बरहरवा के प्रसिद्ध विंध्यवासिनी मंदिर में दानपेटी का ताला तोड़कर नकदी और घंटियां चोरी करने के मामले का रांगा थाना पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है. मंदिर कमेटी की शिकायत के बाद रांगा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया.
आपके शहर में
गिरफ्तार युवक की पहचान मंदिर के पुजारी मनोज झा के पुत्र रोशन झा उर्फ सनी झा के रूप में हुई है. पुलिस ने पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर चोरी की घंटी, नकदी और कुछ अन्य सामान बरामद किया है.
सीसीटीवी में एक अन्य युवक भी दिखा
पुलिस जांच के दौरान मंदिर में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया. फुटेज में रोशन झा के साथ एक अन्य युवक भी दिखाई दे रहा है. पुलिस उसकी पहचान करने में जुटी है और मामले में उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, थाना क्षेत्र के मयूरझूठी गांव में एक घर में हुई चोरी की घटना में भी गिरफ्तार युवक की संलिप्तता बतायी जा रही है. पुलिस इन सभी मामलों को जोड़कर आरोपी से पूछताछ कर रही है.
6 हजार रुपये और एक घंटी चोरी की बात कबूली
सूत्रों के अनुसार, मंदिर की दानपेटी से करीब 20 हजार रुपये और मंदिर से चार घंटियां चोरी होने की बात सामने आयी है. वहीं पुलिस पूछताछ में आरोपी ने करीब 6 हजार रुपये और एक घंटी चोरी करने की बात कबूल की है. पुलिस बरामद सामान और चोरी की कुल संपत्ति को लेकर भी जांच कर रही है.
रांगा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है.
पहले भी मंदिर चोरी में जेल जा चुका है आरोपी
पुलिस के अनुसार, रोशन झा इससे पूर्व भी मंदिर में चोरी के एक मामले में जेल जा चुका है. उसके बड़े भाई के भी मंदिर की यात्रिका से चोरी के मामले में जेल जाने की बात सामने आयी है. पुलिस आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और चोरी की अन्य घटनाओं में उसकी संभावित संलिप्तता की भी जानकारी जुटा रही है.
सुरक्षा के बावजूद बार-बार हो रही चोरी से नाराजगी
विंध्यवासिनी मंदिर काफी बड़ा धार्मिक स्थल है और पहाड़ के ऊपर स्थित है. मंदिर की सुरक्षा के लिए चौकीदार की तैनाती के साथ कई सीसीटीवी कैमरे भी लगाये गये हैं. इसके बावजूद मंदिर परिसर में चोरी की घटनाएं लगातार चिंता का कारण बनी हुई हैं.
मंदिर में स्थित डीप बोरिंग मोटर का महंगा और लंबा केबल तार पिछले एक वर्ष में करीब 7 से 8 बार चोरी हो चुका है. इसके अलावा छोटी-मोटी चोरी की घटनाएं भी अक्सर होती रहती हैं. बार-बार चोरी की घटनाओं से मंदिर कमेटी के साथ-साथ स्थानीय लोगों में भी काफी नाराजगी है. लोगों ने मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए