अनुशासन, टीम भावना और मानसिक मजबूती का आधार है खेल: डीआइजी
साहिबगंज (फाइल फोटो)
संताल परगना पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता का साहिबगंज में भव्य आगाज
साहिबगंज साहिबगंज पुलिस लाइन मैदान में सोमवार को तीन दिवसीय संताल परगना क्षेत्रीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ. प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन संताल परगना प्रक्षेत्र के डीआईजी अंबर लकड़ा ने किया. इस अवसर पर साहिबगंज के डीसी दीपक कुमार दूबे, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह, गोड्डा के पुलिस अधीक्षक, पाकुड़ के पुलिस अधीक्षक सहित संताल परगना प्रमंडल के छह जिलों के पुलिस अधिकारी, जवान एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे. कार्यक्रम की शुरुआत शहीद स्मारक पर डीआईजी, डीसी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा श्रद्धासुमन अर्पित कर की गई. इसके बाद प्रतियोगिता ध्वज फहराया गया, खेलकूद प्रतियोगिता की औपचारिक घोषणा की गई तथा आकर्षक आतिशबाजी के बीच पूरे परिसर में उत्साह का माहौल बन गया. डीआईजी अंबर लकड़ा ने कबूतर उड़ाकर तथा बैट से गेंद खेलकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया. एसपी सह प्रतियोगिता सचिव अमित कुमार सिंह ने कहा कि साहिबगंज जिले के लिए यह अत्यंत गौरव का विषय है कि संताल परगना क्षेत्रीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता की मेजबानी करने का अवसर मिला है. उन्होंने सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि खेल पुलिसकर्मियों को शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक रूप से मजबूत बनाते हैं. इस बार प्रतियोगिता में पहली बार क्रिकेट को शामिल किया गया है तथा पहली बार डे नाइट क्रिकेट मैच का आयोजन किया जा रहा है. उन्होंने सभी खिलाड़ियों से खेल भावना एवं अनुशासन का परिचय देते हुए प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की. मुख्य अतिथि डीआईजी अंबर लकड़ा ने कहा कि पुलिस विभाग में खेलकूद का विशेष महत्व है. खेल केवल शरीर को ही नहीं बल्कि अनुशासन, टीम भावना, सकारात्मक सोच और मानसिक मजबूती भी प्रदान करता है. उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी 24 घंटे चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करते हैं, ऐसे में खेल तनाव कम करने और बेहतर कार्यक्षमता बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है. उन्होंने कहा कि आधुनिक समय में एआई और तकनीक का दौर है, लेकिन फील्ड गेम्स का महत्व कभी कम नहीं हो सकता. सभी पुलिस लाइन और थानों में खेल गतिविधियों को नियमित रूप से बढ़ावा दिया जाना चाहिए. साहिबगंज के डीसी दीपक कुमार दूबे ने कहा कि यह जिले के लिए गर्व की बात है कि इतने बड़े क्षेत्रीय खेल आयोजन की मेजबानी साहिबगंज कर रहा है. खेल स्वस्थ जीवन, अनुशासन और सकारात्मक सोच का आधार हैं. इस तरह के आयोजन से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ आपसी भाईचारा और समन्वय बढ़ाने का अवसर मिलता है. जिला प्रशासन आयोजन को सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग कर रहा है. पाकुड़ एसपी मेघा भारद्वाज ने कहा कि इस प्रकार की क्षेत्रीय खेल प्रतियोगिताएं विभिन्न जिलों के पुलिस बल के बीच समन्वय, भाईचारा और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करती हैं. खेलकूद पुलिसकर्मियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से फिट रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. गोड्डा के एसपी ने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और टीम वर्क की भावना विकसित करता है. इस तरह के आयोजन से विभिन्न जिलों के पुलिसकर्मियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होता है, जिसका लाभ पुलिसिंग व्यवस्था में भी मिलता है. प्रतियोगिता में देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़, गोड्डा एवं मेजबान साहिबगंज जिले के सैकड़ों पुलिस अधिकारी एवं जवान भाग ले रहे हैं. तीन दिनों तक चलने वाली प्रतियोगिता में कुल 17 खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है. इनमें फुटबॉल, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, कबड्डी, खो खो, हॉकी, क्रिकेट, तीरंदाजी, साइक्लिंग, एथलेटिक्स, भारोत्तोलन, कुश्ती, बॉक्सिंग, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, योग एवं बास्केटबॉल शामिल हैं. प्रतियोगिताएं सुबह से लेकर देर रात तक चलेंगी तथा कई मुकाबले डे नाइट प्रारूप में आयोजित किए जाएंगे. मेजबान साहिबगंज पुलिस द्वारा सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गयी थीं. पुलिस लाइन मैदान एवं मोदी मैदान को आकर्षक ढंग से सजाया गया है. खिलाड़ियों, अधिकारियों एवं दर्शकों के बैठने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है. इस अवसर पर विभिन्न जिलों की टीमों का परिचय भी कराया गया.कार्यक्रम के अंत में एसडीपीओ बरहरवा नितिन खंडेलवाल ने धन्यवाद ज्ञापन किया. उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, जवान, खिलाड़ी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे. संताल परगना क्षेत्रीय पुलिस खेल प्रतियोगिता का परिणाम एथलेटिक्स (सिदो कान्हु स्टेडियम, साहेबगंज) 1500 मीटर पुरुष प्रथम – बबलू हांसदा – जामताड़ा द्वितीय – दिनेश किस्कू – देवघर तृतीय – शिवजी यादव – पाकुड़ 1500 मीटर महिला प्रथम – शर्मिला हांसदा – जामताड़ा द्वितीय – तनु खातून – देवघर तृतीय – फूल कुमारी टुडू – दुमका 4 गुणा 400 मीटर रिले पुरुष प्रथम- जामताड़ा द्वितीय- देवघर तृतीय – साहेबगंज शॉटपुट पुरुष प्रथम – मुन्ना पासवान – देवघर द्वितीय- अशरफ अली – देवघर तृतीय – शिवेश कुमार – साहेबगंज शॉटपुट महिला प्रथम – सुमन लता मुर्मू – देवघर द्वितीय- सलोनी मुर्मू – जामताड़ा तृतीय – रेणुका मरांडी – दुमका लंबीकुद पुरुष प्रथम – मनोज सोरेन – साहिबगंज द्वितीय – रमेश हेंब्रम – दुमका तृतीय – निवास हांसदा – जामताड़ा लंबीकुद महिला प्रथम- सेलेस्टिना बेसरा – साहेबगंज द्वितीय – कुमारी चंदा लक्ष्मी – दुमका तृतीय – बसंती मुर्मू – दुमका फुटबॉल पुरुष पुलिस केंद्र पहला मैच में जामताड़ा ने ट्राई बेकर में पाकुड़ को 3 – 2 से पराजित, दूसरा मैच में दुमका ने देवघर को 2- 0 से पराजित
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










