गंगा खतरे के निशान से ऊपर, साहिबगंज के इन क्षेत्रों में 9 और 10 सितंबर को स्कूल बंद
AI-generated प्रतिकाताम्क तस्वीर
गंगा के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए साहिबगंज जिला प्रशासन ने 9 और 10 सितंबर को सभी सरकारी और निजी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है.
साहिबगंज : जिले में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर एवं बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में संचालित सरकारी एवं निजी विद्यालयों को दो दिनों के लिए बंद रखने का निर्णय लिया है. यह आदेश 9 एवं 10 सितंबर 2026 को प्रभावी रहेगा.
खतरे के निशान से 1.25 मीटर ऊपर बह रही गंगा
केंद्रीय जल आयोग निचली गंगा मंडल-2, पटना के अधिशासी अभियंता द्वारा जारी सूचना के अनुसार साहिबगंज जिले में गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से लगभग 1.25 मीटर ऊपर बह रहा है. साथ ही 9 सितंबर की सुबह 6 बजे तक जलस्तर में करीब 13 सेंटीमीटर की और वृद्धि होने की संभावना जताई गई है.
छात्र-शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर लिया फैसला
बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए गंगा नदी के किनारे स्थित तथा बाढ़ से प्रभावित सरकारी एवं निजी विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं की जान-माल की सुरक्षा के मद्देनजर विद्यालयों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है.
आदेश का सख्ती से पालन करने का निर्देश
जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं प्रभारी प्रधानाध्यापकों को आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. प्रशासन द्वारा लोगों से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन से बचने तथा सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील भी की गई है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए