उधवा - वंशावली गलत मिली तो मुखिया होंगे जिम्मेदार
साहिबगंज (फाइल फोटो)
उधवा अंचल कार्यालय ने वंशावली सत्यापन को लेकर कड़े कदम उठाए हैं. अब गलत वंशावली पाए जाने पर सीधे मुखिया ही जिम्मेदार होंगे, भले ही सत्यापन ग्राम सभा से हुआ हो या नहीं.
उधवा : एसआईआर और जमीन से जुड़े वंशावली सत्यापन को लेकर उधवा अंचल कार्यालय सख्त हो गया है. अंचल कार्यालय ने अंचल के सभी मुखिया को पत्र जारी कर स्पष्ट चेतावनी दी है कि वंशावली गलत पाए जाने पर अब मुखिया खुद जिम्मेवार होंगे.
पत्र जारी कर दी गई स्पष्ट हिदायत
अंचल कार्यालय के पत्रांक- 435/रा0, दिनांक- 22.08.2026 के आलोक में जारी नए पत्र में कहा गया है कि पूर्व में वंशावली सत्यापन में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया था. बावजूद इसके सूचना मिल रही है कि कई मुखिया द्वारा वंशावली सत्यापन के क्रम में यह लिख दिया जा रहा है कि वंशावली गलत पाए जाने पर आवेदक जिम्मेवार होंगे.
आवेदक पर जिम्मेदारी डालना स्वीकार्य नहीं
अंचल प्रशासन ने इसे किसी भी प्रकार से स्वीकार्य नहीं माना है. पत्र में कहा गया है कि ग्राम-सभा के अध्यक्ष होने के नाते मुखिया को ही वंशावली का सत्यापन करना है. इसकी सही प्रक्रिया ग्राम-सभा कर वंशावली तैयार करना है.
बिना ग्रामसभा वंशावली तैयार करने पर भी जिम्मेदारी
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि संभव है मुखिया ने पूर्व में ही ग्राम-सभा कर अपने सभी जमाबंदी रैयतों की वंशावली ग्राम-सभा पंजी में बनाकर रखी हो. लेकिन यदि बिना ग्राम-सभा के वंशावली तैयार कर मुखिया द्वारा सत्यापन किया जाता है तो यह माना जाएगा कि मुखिया आवेदक की वंशावली को व्यक्तिगत रूप से जानते हैं.
त्रुटि मिलने पर मुखिया होंगे पूर्ण रूप से जिम्मेवार
अंचल कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि बिना ग्राम-सभा के वंशावली तैयार कर सत्यापन किए जाने की स्थिति में किसी भी त्रुटि के लिए संबंधित मुखिया पूर्ण रूप से जिम्मेवार होंगे.
पत्र के बाद पंचायत प्रतिनिधियों में हड़कंप
अंचल कार्यालय की ओर से जारी पत्र के बाद पंचायत प्रतिनिधियों में हड़कंप मचा हुआ है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए