बाढ़ से मुकाबले को राजमहल तैयार, नगर पंचायत खरीदेगी रेस्क्यू बोर्ड
नपं बोर्ड की बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधि | Prabhat Khabar Network
राजमहल नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में शहर के विकास को लेकर अहम फैसले लिए गए. बाढ़ राहत के लिए रेस्क्यू बोर्ड की खरीद, नए पार्क का विकास और बिजली व्यवस्था में सुधार पर चर्चा हुई. उपाध्यक्ष ने जनहित से जुड़े कई प्रस्ताव रखे.
राजमहल : नगर पंचायत कार्यालय में मंगलवार को नगर पंचायत बोर्ड की बैठक नगर पंचायत अध्यक्ष केताबुद्दीन शेख की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक में नगर पंचायत उपाध्यक्ष मो मारूफ उर्फ गुड्डू भी शामिल हुए. इस दौरान नगर पंचायत क्षेत्र में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन एवं होल्डिंग से जुड़े राजस्व संग्रह पर चर्चा की गई.
बाढ़ राहत के लिए रेस्क्यू बोर्ड की होगी खरीदारी
नगर पंचायत बोर्ड में निर्णय लिया गया कि शहर गंगा किनारे स्थित है और प्रत्येक वर्ष बाढ़ आती है. ऐसे में बाढ़ राहत कार्य के लिए रेस्क्यू बोर्ड की आवश्यकता को देखते हुए इसकी खरीदारी की जाएगी. इसके अलावा सड़क निर्माण और यात्री शेड की मरम्मती के प्रस्ताव भी लिए गए. बिजली के तार बदलने को लेकर विद्युत विभाग के अभियंता से पत्राचार करने का निर्णय लिया गया.
उपाध्यक्ष ने रखीं जनहित की मांगें
नगर पंचायत उपाध्यक्ष मो मारूफ उर्फ गुड्डू ने अपने पत्र के माध्यम से बोर्ड की बैठक में शहर के विकास से जुड़ी कई जनहित की मांगें प्रमुखता से रखीं. उन्होंने सिंघीदलान परिसर सह स्वर्ण जयंती पार्क के मुख्य द्वार से पूरे परिसर में सोलर युक्त रोशनी की व्यवस्था करने की मांग रखी.
विवाह भवन या मार्केट कॉम्प्लेक्स का प्रस्ताव
उन्होंने अनुमंडल कार्यालय के मुख्य द्वार की एक तरफ खाली पड़ी सड़क से जुड़ी जमीन पर आवश्यकता के अनुरूप जनहित के लिए विवाह भवन या मार्केट कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराने का प्रस्ताव रखा.
तालाब को पार्क के रूप में विकसित करने की मांग
वार्ड संख्या 7 स्थित पेट्रोल पंप के पीछे तालाब एवं परिसर की साफ-सफाई कराते हुए फ्लोटिंग झरना और पैडल वाटर वॉट की व्यवस्था कर पार्क के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया. साथ ही इसका मुख्य द्वार जिला परिषद के मुख्य द्वार की ओर से कनेक्टिंग करने का निर्णय लेने की मांग की गई.
वार्ड 13 और 14 को होल्डिंग पोर्टल से जोड़ने की मांग
उपाध्यक्ष ने वार्ड संख्या 13 एवं 14 को होल्डिंग के पोर्टल में अपडेट कराने की मांग रखी. वर्तमान में पोर्टल पर 12 वार्ड तक ही अपडेट है.
सरकारी जमीन के उपयोग की प्रक्रिया पर जोर
नगर क्षेत्र में सरकारी खाली पड़ी जमीन, जो जनहित के लिए उपयोगी हो सकती है, उसके लिए अंचल से रिपोर्ट और अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू करने की मांग रखी गई.
जर्जर तार और बल्ब बदलने की मांग
नगर क्षेत्र के सभी वार्डों में समुचित रोशनी की व्यवस्था के लिए जर्जर तार और बल्ब बदलने के लिए प्राक्कलन तैयार कर योजना के क्रियान्वयन की दिशा में पहल करने की मांग की गई.
सफाई व्यवस्था की समीक्षा का प्रस्ताव
घर-घर कचरा उठाव और सभी वार्डों में साफ-सफाई के कार्यों से जुड़े कर्मियों एवं संबंधित एजेंसी के कार्यों की समीक्षा करने की मांग भी बोर्ड की बैठक में रखी गई.
भूमिगत हाई टेंशन तार का प्रस्ताव भेजने का निर्णय
नगर क्षेत्र में पूर्ण रूप से भूमिगत हाई टेंशन तार किए जाने की योजना थी, हालांकि यह वर्तमान में पूर्ण नहीं है. बोर्ड में निर्णय लेकर इसके प्रस्ताव को विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता को भेजने का निर्णय लिया गया.
ये रहे मौजूद
मौके पर वार्ड पार्षद राजू सरकार, अनीता बसाक, सन्नी साहा, जोली राय, गीता बर्मन, मो बरकत अली, अमीर मंडल, राजकुमार मंडल, सोहरफुल बीबी, उज्जवल हालदार, रिंकी कुमारी, जाहिद बीबी, काफिरन बीबी, सिटी मैनेजर विरेश कुमार सहित अन्य मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए