बेटी की हत्या में गवाही देने वाले ससुर पर हंसुआ से हमला, इलाज के दौरान मौत : आरोपी दामाद फरार
गंभीर रूप से घायल दुखन मंडल को एंबुलेंस से जाने के क्रम में लोग. | Prabhat Khabar Network
फरक्का के अमरपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. बेटी की हत्या के मामले में गवाही देने वाले ससुर पर उसके दामाद ने हंसुआ से हमला कर दिया, जिससे ससुर की अस्पताल में मौत हो गई. आरोपी दामाद मौके से फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है.
प्रतिनिधि, फरक्का : मुर्शिदाबाद जिले के सूती थाना क्षेत्र के अमरपुर कलाई टोला गांव में मंगलवार को एक दामाद ने अपने 67 वर्षीय ससुर पर हंसुआ से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल ससुर की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी. घटना के बाद आरोपी दामाद फरार हो गया. वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
अचानक पहुंचकर किया हमला
पुलिस और ग्रामीणों के अनुसार, कलाई टोला निवासी दुखन मंडल की बेटी दुलाली मंडल की पिछले महीने कथित तौर पर उसके पति सिलिक मंडल ने पारिवारिक विवाद के दौरान हत्या कर दी थी. इस मामले में मृतका के पिता दुखन मंडल ने गवाही दी थी और जंगीपुर अदालत में मामला चल रहा है. घटना के बाद से आरोपी सिलिक मंडल फरार था.
बताया गया कि मंगलवार को दुखन मंडल घर के पास खेत में काम कर रहे थे. इसी दौरान अचानक सिलिक मंडल वहां पहुंचा और हंसुआ से उन पर हमला कर दिया. हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
दुखन मंडल की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें गंभीर हालत में अहिरन अस्पताल में भर्ती कराया. वहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद सूती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है. साथ ही आरोपी की तलाश में जुटी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए