मौसम की मार: राजमहल के अस्पताल में मरीजों की लगी कतार

Updated:
विज्ञापन

अस्पताल में मरीजों की भीड़ | Prabhat Khabar Network

मौसम में लगातार हो रहे बदलाव से राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल में मरीजों की भीड़ बढ़ गई है. सर्दी, खांसी, बुखार और डायरिया जैसी बीमारियों के मरीज बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं. डॉक्टर मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए खास सावधानियां बरतने की सलाह दे रहे हैं.

विज्ञापन

प्रतिनिधि, राजमहल. मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर अब लोगों के स्वास्थ्य पर भी दिखाई देने लगा है. दिन में गर्मी और सुबह-शाम बारिश के साथ हल्की ठंड के कारण राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ गई है. पिछले कुछ दिनों से अस्पताल में सर्दी, खांसी, जुकाम, बुखार, डायरिया, गले में खराश और वायरल संक्रमण की शिकायत लेकर बड़ी संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं. सुबह से ही ओपीडी में मरीजों और उनके परिजनों की भीड़ देखी जा रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन

बच्चों और बुजुर्गों पर मौसम की मार

मौसम में अचानक हो रहे उतार-चढ़ाव का सबसे अधिक असर बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर देखने को मिल रहा है. कई मरीज बुखार के साथ कमजोरी, बदन दर्द और गले में खराश की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं. वहीं डायरिया से पीड़ित मरीजों की संख्या में भी इजाफा हुआ है. मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की व्यस्तता भी बढ़ गई है.

बारिश के बाद बढ़ जाता है संक्रमण का खतरा

राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. उदय टुडू ने बताया कि तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव के कारण वायरल संक्रमण, सर्दी-जुकाम और बुखार के मामले बढ़ जाते हैं. बारिश के बाद वातावरण में नमी बढ़ने से भी संक्रमण का खतरा रहता है.

उन्होंने लोगों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी. साथ ही ताजा एवं पौष्टिक भोजन करने तथा बच्चों और बुजुर्गों को मौसम के अनुसार कपड़े पहनाने की अपील की.

यह भी पढ़ें:

रानीश्वर पीएचसी में इलाज से पहले जलभराव की परीक्षा, पानी में चलकर पहुंच रहे मरीज

बिना सलाह दवा लेने से बचें

डॉ. टुडू ने कहा कि बुखार, लगातार खांसी, डायरिया या अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा लेने से बचना चाहिए. ऐसे लक्षण दिखाई देने पर अस्पताल पहुंचकर चिकित्सक से जांच करानी चाहिए.

उन्होंने लोगों से साफ पानी पीने, आसपास स्वच्छता बनाए रखने और बदलते मौसम में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola