SIR के तहत दूसरे दिन भी अनमैप्ड मतदाताओं की हुई सुनवाई

विज्ञापन

सुनवाई करते निर्वाची पदाधिकारी सह एसी जेम्स सुरीन | Prabhat Khabar Network

बरहरवा में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत अनमैप्ड मतदाताओं की सुनवाई जारी है. 3 अक्टूबर तक चलेगी प्रक्रिया, समय पर दस्तावेज जमा करें.

विज्ञापन

बरहरवा : मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मंगलवार को दूसरे दिन भी बरहरवा प्रखंड सह अंचल कार्यालय और नगर पंचायत कार्यालय में अनमैप्ड मतदाताओं की सुनवाई हुई. दोनों कार्यालयों में सुबह से ही मतदाताओं की भीड़ जुटने लगी. नोटिस एवं आवश्यक दस्तावेज लेकर पहुंचे मतदाताओं ने निर्वाचन कर्मियों के समक्ष अपने कागजात प्रस्तुत किये. कर्मियों ने दस्तावेजों की जांच कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.

आपके शहर में

विज्ञापन

अधिकारियों ने की दावा-आपत्तियों पर सुनवाई

नगर पंचायत कार्यालय में पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता पाकुड़ जेम्स सुरीन, बीडीओ कक्ष में एईआरओ सह बीडीओ सन्नी कुमार दास तथा सीओ कार्यालय में अंचलाधिकारी अनोज कुमार ने दर्जनों अनमैप्ड मतदाताओं की दावा-आपत्तियों की सुनवाई की. अधिकारियों ने मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच की तथा आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी दी.

अधिकारियों को सौंपे गये बूथ

पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन ने बताया कि एसआईआर के तहत बरहरवा प्रखंड क्षेत्र के सभी 186 बूथों के कुल 27,082 मतदाताओं के कागजात का सत्यापन एवं दावा-आपत्तियों की सुनवाई की जायेगी. इसके लिए बूथवार जिम्मेदारी तय की गयी है.

उन्होंने बताया कि बूथ संख्या 1 से 70 तक के 9,321 मतदाताओं की सुनवाई बरहरवा बीडीओ करेंगे. वहीं बूथ संख्या 71 से 127 तक के 8,980 मतदाताओं की सुनवाई बरहरवा अंचलाधिकारी करेंगे. जबकि बूथ संख्या 128 से 186 तक के 8,781 मतदाताओं की सुनवाई स्वयं निर्वाची पदाधिकारी करेंगे.

पहले अनमैप्ड, फिर तार्किक विसंगति वाले मतदाता बुलाये जायेंगे

निर्वाची पदाधिकारी ने बताया कि फिलहाल अनमैप्ड मतदाताओं को नोटिस देकर सुनवाई के लिए बुलाया गया है. प्रतिदिन करीब 600 मतदाताओं की सुनवाई और उनके दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है. इसके बाद तार्किक विसंगति अथवा विशुद्धिकरण से संबंधित मतदाताओं को नोटिस जारी कर सुनवाई के लिए बुलाया जायेगा. उन्होंने बताया कि एसआईआर से संबंधित यह प्रक्रिया आगामी 3 अक्टूबर तक चलेगी.

दस्तावेज जमा करने की अपील

उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि नोटिस मिलने पर निर्धारित तिथि को संबंधित कार्यालय में पहुंचकर अपने आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करें, ताकि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि रहने पर उसका समय पर निराकरण किया जा सके.

मौके पर अंचल निरीक्षक जितेंद्र टुडू, श्रम पदाधिकारी बासुदेव मिर्धा, कृषि पदाधिकारी चंदन सरकार, गौतम कुमार, अरुणा मिंज, सीतामणी किंडो, मीनाक्षी कुमारी सहित अन्य मौजूद थे.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola